भोपाल। मध्य प्रदेश के लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। भीषण गर्मी और लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मानसून ने मध्य प्रदेश में दस्तक दे दी है। हालांकि, इस बार मानसून अपने तय समय (15 जून) से करीब 9 दिन की देरी से पहुंचा है। बुधवार (24 जून) को प्रदेश के दक्षिणी, दक्षिण-पश्चिमी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ने बालाघाट के रास्ते राज्य में एंट्री ली है और अगले 2 से 3 दिनों के भीतर इसके पूरे मध्य प्रदेश में आगे बढ़ने की उम्मीद है।
राजधानी भोपाल समेत 30 से अधिक जिलों में झमाझम बारिश
बुधवार शाम को राजधानी भोपाल में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। भोपाल के अलावा इंदौर, जबलपुर, उज्जैन, नीमच, कटनी और सिवनी समेत 30 से ज्यादा जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। छिंदवाड़ा जिले के चांद इलाके में सबसे ज्यादा 75.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके साथ ही राहतगढ़, लखनादौन, पांढुर्णा और नरेटन में भी भारी वर्षा हुई, जबकि सीहोर में 52 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं और बालाघाट में ओले भी गिरे।
कहीं ठंडक का अहसास तो कहीं अब भी तपिश बरकरार
बारिश के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में भारी गिरावट आई है। मध्य प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी लगातार सबसे ठंडा बना हुआ है, जहाँ न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा दमोह, धार, खंडवा, अमरकंटक और सागर में भी रात का तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच रहा जिससे लोगों को ठंडक का अहसास हुआ। इसके विपरीत, सीधी और दतिया बुधवार को राज्य के सबसे गर्म शहर रहे, जहाँ अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले 3 दिनों के लिए मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले 3 दिनों तक प्रदेश के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और बारिश का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने सीहोर और जबलपुर जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी करते हुए वहाँ तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके अलावा बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं, भोपाल, विदिशा, इंदौर, धार, झाबुआ, सागर और मैहर समेत 30 जिलों के लिए 'यलो अलर्ट' जारी किया गया है। दूसरी तरफ, सीधी जिले में अभी भी लू (Heat Wave) चलने की संभावना है, जहाँ पारा 40 डिग्री के पार रह सकता है।


