More
    Homeराजस्थानअलवरजनसुनवाई में वन मंत्री संजय शर्मा ने सुनी समस्याएं, कोचिंग सीज और...

    जनसुनवाई में वन मंत्री संजय शर्मा ने सुनी समस्याएं, कोचिंग सीज और टाइगर रिजर्व पर दिया बड़ा बयान

    अलवर में जनसुनवाई के दौरान वन मंत्री संजय शर्मा ने सुनी समस्याएं, कोचिंग सीज और टाइगर रिजर्व पर दिया बड़ा बयान

    अलवर। राज्य सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने गुरुवार को अलवर सर्किट हाउस में सुबह 10:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक जनसुनवाई कर जिलेभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे, जिनके समाधान के लिए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

    जनसुनवाई के दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और शिकायतों का यथाशीघ्र निस्तारण किया जाए।

    मीडिया से बातचीत में संजय शर्मा ने बताया कि जनसुनवाई में पेयजल, बिजली, सड़क, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, तबादलों तथा अन्य विभागीय मामलों से जुड़े अनेक प्रकरण सामने आए। कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए, जबकि अन्य मामलों के शीघ्र समाधान के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

    हाल ही में नगर निगम द्वारा एक कोचिंग संस्थान को सीज किए जाने के मामले पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश में हाल की दुखद घटनाओं को देखते हुए कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों और नियमों की सख्ती से जांच होना आवश्यक है तथा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जानी चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्रवाई के दौरान एक होमगार्ड महिला द्वारा कोचिंग संचालक को थप्पड़ मारने की घटना अनुचित थी। इस संबंध में संबंधित महिला को नगर निगम की ड्यूटी से हटाने के साथ-साथ होमगार्ड सेवा से भी हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

    वन्यजीव संरक्षण के मुद्दे पर मंत्री ने बताया कि कुंभलगढ़ को टाइगर रिजर्व घोषित करने के लिए प्रस्ताव राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) को भेजा गया है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद प्रदेश के अन्य टाइगर रिजर्व से बाघों को वहां स्थानांतरित करने की योजना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इससे वन्यजीव संरक्षण को मजबूती मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

    जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे और मौके पर प्राप्त परिवेदनाओं के समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here