29 जून को शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से आमजन को मिलेगा त्वरित समाधान
अलवर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से जिलेभर में 29 जून को शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और उनकी परिवेदनाओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि शहरी सेवा शिविरों के तहत अलवर नगर निगम के वार्ड संख्या 27, 28 एवं 29 के लिए शिविर आयोजित होगा। इसके अलावा नगर पालिका बड़ौदामेव (वार्ड 12), खेड़ली (वार्ड 14 एवं 15), बहादुरपुर (वार्ड 10), रामगढ़ (वार्ड 18 एवं 19), नौगांव (वार्ड 10), कठूमर (वार्ड 10), थानागाजी (वार्ड 12), मालाखेड़ा (वार्ड 10), गोविंदगढ़ (वार्ड 10), लक्ष्मणगढ़ (वार्ड 10) तथा राजगढ़ (वार्ड 19 एवं 20) के लिए भी संबंधित नगर निकाय कार्यालयों में शिविर लगाए जाएंगे। नगर विकास न्यास अलवर के नीलामी हॉल में भी समस्त यूआईटी क्षेत्र के लिए शिविर आयोजित होगा।
ग्रामीण सेवा शिविरों के अंतर्गत अलवर तहसील की ग्राम पंचायत किथूर एवं खेड़ली सैयद, गोविंदगढ़ की भैंसडावत, कठूमर की खेड़ली रेल एवं खेड़ा कल्याणपुर, लक्ष्मणगढ़ की रसूलपुर एवं दीवली, मालाखेड़ा की महुआखुर्द एवं कैरवाड़ा, नौगांव की खोडा करमाली, रामगढ़ की ढाढ़ोली, थानागाजी की दुहार चौगान, टहला की टोडा जयसिंहपुरा एवं खोह दरीबा तथा रैणी तहसील की परवैणी ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
प्रशासन का उद्देश्य है कि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके निकट ही उपलब्ध कराया जाए और विभिन्न विभागों से जुड़े कार्यों के लिए अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिले। शिविरों में पात्र लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन, प्रमाण-पत्र, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा और अन्य जनसेवाओं से जुड़े मामलों का भी त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

