मंदिर मार्ग के स्थायी पुनर्स्थापन कार्य से बेहतर होगी सड़क सुविधा, मंत्री ने जताया आभार
अलवर। अलवर जिले में करणी माता मंदिर मार्ग के प्रताप बांध से जुड़े स्थायी पुनर्स्थापन कार्य को प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) राजस्थान के मुख्य अभियंता (सड़क) द्वारा इस परियोजना के लिए 5.74 करोड़ रुपये की निविदा स्वीकृत कर दी गई है। इससे क्षेत्र में सड़क संपर्क और आवागमन की सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
पीडब्ल्यूडी द्वारा जारी स्वीकृति के अनुसार लंबे समय से क्षेत्रीय जनता करणी माता मंदिर मार्ग के स्थायी समाधान की मांग कर रही थी। निविदा स्वीकृत होने के बाद अब इस महत्वपूर्ण मार्ग के पुनर्स्थापन का रास्ता साफ हो गया है। कार्य पूरा होने पर स्थानीय निवासियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी।
वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने इस स्वीकृति पर प्रदेश के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा तथा उप मुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा अलवर जिले के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
संजय शर्मा ने कहा कि करणी माता मंदिर मार्ग धार्मिक एवं स्थानीय दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क है। इसके पुनर्स्थापन से न केवल क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिलेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्य शीघ्र शुरू होकर निर्धारित समय सीमा में पूरा होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

