राजस्थान संपर्क पोर्टल के निरीक्षण में मुख्य सचिव ने एआई आधारित शिकायत निस्तारण और साइबर पीड़ितों को राहत देने के निर्देश दिए
जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) कॉल सेंटर का निरीक्षण कर राजस्थान संपर्क 2.0 के अंतर्गत किए जा रहे तकनीकी सुधारों और साइबर फ्रॉड से संबंधित शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने साइबर फ्रॉड से प्रभावित नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों की प्रगति, संबंधित विभागों की कार्रवाई और उपलब्ध कराई जा रही सहायता की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कर पीड़ितों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए।
बैठक में जानकारी दी गई कि राजस्थान संपर्क पोर्टल की तकनीकी कार्यप्रणाली और नवाचारों का अवलोकन करने के लिए आगामी 30 जून को केंद्र सरकार के सचिवों का दौरा प्रस्तावित है। मुख्य सचिव ने सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल को राष्ट्रीय स्तर पर नेशनल काउंसिल ऑफ ई-गवर्नेंस (एनसीजी) के अंतर्गत एक उत्कृष्ट गवर्नेंस मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भविष्य की समीक्षा बैठकों में भ्रष्टाचार, साइबर अपराध और महिला उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों की विशेष समीक्षा की जाएगी। साथ ही एआई तकनीक का उपयोग शिकायतों के वर्गीकरण, मूल कारण विश्लेषण (रूट कॉज एनालिसिस), रियल-टाइम मॉनिटरिंग और डेटा आधारित निर्णय प्रक्रिया में किया जाए, ताकि शिकायत निवारण प्रणाली अधिक स्मार्ट, प्रभावी और नागरिक-केंद्रित बन सके।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों और कॉल सेंटर कर्मियों के नियमित प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि बदलती तकनीकों के अनुरूप कर्मचारियों की दक्षता का निरंतर उन्नयन आवश्यक है, जिससे आमजन को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें।
उन्होंने शिकायतों के निस्तारण के बाद नागरिकों से प्राप्त फीडबैक और संतुष्टि स्तर की नियमित समीक्षा करने के निर्देश देते हुए कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और गुणवत्तापूर्ण सेवा ही सुशासन की आधारशिला है तथा नागरिकों की संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में राजस्थान संपर्क 2.0 के अंतर्गत विकसित की जा रही नई तकनीकों, एआई आधारित नवाचारों, रियल-टाइम मॉनिटरिंग प्रणाली और शिकायत निवारण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के प्रयासों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर राजस्थान संपर्क पोर्टल एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


