नशा मुक्त अभियान में पोस्टर व टी-शर्ट का विमोचन, समाज को नशे से दूर रहने की दिलाई शपथ
अलवर। अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सामान्य चिकित्सालय परिसर स्थित आईएमए हॉल में नशा मुक्त भारत अभियान तथा नशा मुक्त सप्ताह के अंतर्गत कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य ध्येय वाक्य “नशा मुक्त भारत अभियान, विकसित भारत की पहचान” रहा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) अंबालाल मीना सहित अन्य अतिथियों ने नशा मुक्त भारत अभियान के पोस्टर और विशेष टी-शर्ट का विमोचन किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया।
नशा मुक्त संदेश के साथ दिलाई शपथ
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उप निदेशक लक्ष्मण सिंह ने बताया कि कार्यशाला के दौरान विभिन्न प्रस्तुतियों और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से समाज को नशे के खिलाफ प्रेरित किया गया। प्रतिभागियों को स्वयं नशा न करने तथा अन्य लोगों को भी नशे की लत छोड़ने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई।
उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के निर्देशानुसार देशभर में चलाए जा रहे नशा मुक्त भारत सप्ताह के अंतर्गत हरिद्वार में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम से भी इस जिला स्तरीय आयोजन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा गया।
युवाओं और संस्थाओं की रही सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. दीपक शर्मा, सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा, पीएमओ डॉ. प्रवीण शर्मा, मेडिकल कॉलेज से डॉ. दिनेश सूद, एसएमएस कॉलेज के प्रो. डॉ. पवन सिंघल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ब्रह्माकुमारी संस्थान, वीफ रन संस्थान, मंथन फाउंडेशन, परमार्थ दिव्यांग संस्थान के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी भाग लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दोहराया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


