महिला कांग्रेस अध्यक्ष के अलवर दौरे में पीड़ित परिवारों से मुलाकात, सरकार से उठाईं कई मांगें
अलवर। राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सारिका सिंह चौधरी रविवार को अलवर दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने कठूमर क्षेत्र के भनोखर निवासी भारत यात्री योगेश कुमार मीना की बहन रेणु मीना के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों के अनुसार, रेणु मीना ने कथित रूप से नीट पेपर लीक प्रकरण से आहत होकर आत्महत्या कर ली थी। सारिका सिंह ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की बात कही।
इसके बाद उन्होंने टहला थाना क्षेत्र में हाल ही में दुष्कर्म का शिकार हुई पांच वर्षीय बालिका के परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सरकार से की सहायता और सुरक्षा संबंधी मांगें
सारिका सिंह चौधरी ने कहा कि मासूम बच्ची के साथ हुई घटना अत्यंत दुखद और समाज को झकझोर देने वाली है। उन्होंने 24 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि मामले का शीघ्र सुनवाई के माध्यम से निस्तारण कर दोषी को कठोर दंड मिलना चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि पीड़िता की शिक्षा का पूरा खर्च वहन किया जाए, बालिग होने पर उसे सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाए, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत परिवार को आवास दिया जाए तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराते हुए इन घोषणाओं का लिखित आश्वासन भी परिवार को दिया जाए।
कानून व्यवस्था पर जताई चिंता
सारिका सिंह चौधरी ने कहा कि बेटियों के साथ होने वाली ऐसी घटनाएं कानून व्यवस्था और प्रशासनिक संवेदनशीलता पर गंभीर प्रश्न खड़े करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसा वातावरण बनाया जाना चाहिए, जहां प्रत्येक बेटी स्वयं को सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर सके।
दौरे के दौरान महिला कांग्रेस अलवर जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी, प्रदेश सचिव रितु मीना, पूर्व जिलाध्यक्ष जीत कौर सागवान, नगर अध्यक्ष लीली यादव, ब्लॉक अध्यक्ष सुनीता राजकुमार शर्मा, कठूमर ब्लॉक अध्यक्ष उषा गुप्ता, मंडल अध्यक्ष शोभा साहू, पंचायत समिति सदस्य राकेश खंडेलवाल, कांग्रेस नेता भानु शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष हनुमान सहाय शर्मा, पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष एवं संगठन महामंत्री संदीप कुमार देवतवाल, मंडल अध्यक्ष प्रकाश मीना, ब्लॉक महिला कांग्रेस अध्यक्ष ममता देवी मीना, प्रदेश महिला कांग्रेस सचिव अग्नि देवी मीना, यूथ कांग्रेस महासचिव रामवतार कालोंत सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


