जिला कलेक्टर की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में लंबित प्रकरणों के निस्तारण और सेवा शिविरों की मॉनिटरिंग के निर्देश
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में संपर्क पोर्टल पर लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी उपखंड अधिकारियों एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी प्रकरण 30 दिन से अधिक लंबित नहीं रहे तथा प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान कर आमजन को वास्तविक राहत पहुंचाई जाए।
पोलियो अभियान और सरकारी योजनाओं की समीक्षा
जिला कलेक्टर ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की समीक्षा करते हुए शिक्षा विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग को आपसी समन्वय के साथ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित पेंशन सत्यापन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर पात्र लाभार्थियों को समय पर पेंशन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
उन्होंने चिकित्सा विभाग को आयुष्मान कार्ड ई-केवाईसी एवं लाडो प्रोत्साहन योजना की लंबित किस्तों के भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए। वहीं शिक्षा विभाग को पालनहार प्रमाण-पत्र तथा जिला रसद विभाग को एनएफएसए मैपिंग एवं ई-केवाईसी से जुड़े लंबित मामलों का शिविरों के माध्यम से निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए कहा।
सेवा शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश
जिला कलेक्टर ने सभी उपखंड अधिकारियों को ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिविर में प्राप्त आवेदनों, उनके निस्तारण, विभागवार प्रगति एवं व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य समय पर पूरे हो सकें।
उन्होंने समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सार्वजनिक निर्माण सहित अन्य विभागों को भी निर्देश दिए कि शिविरों के माध्यम से लंबित मामलों का निस्तारण कर सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, उप अधीक्षक लालसिंह, सहायक निदेशक आयुर्वेद अजीत बाल्याण, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड़, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग धर्मवीर यादव, बिजली विभाग जेपी बैरवा, जिला रसद अधिकारी राकेश सोनी, उपनिदेशक सहकारिता वेद प्रकाश सैनी, उपायुक्त श्रम विभाग प्रज्ञा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के सभी उपखंड अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

