More
    Homeबिजनेसअर्थव्यवस्था की नींव हिली? कोर इंडस्ट्रीज की ग्रोथ 9 महीने के निचले...

    अर्थव्यवस्था की नींव हिली? कोर इंडस्ट्रीज की ग्रोथ 9 महीने के निचले स्तर पर, सरकार की चुनौतियां बढ़ीं

    केंद्रीय उद्योग व वाणिज्य मंत्रालय ने शुक्रवार को 8 कोर इंडस्ट्रीज का डाटा जारी किया. यह लगातार दूसरा महीना है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से लागू किए गए टैरिफ प्लान की वजह से भारतीय कोर उद्योगों को कमजोरी का सामना करना पड़ा है. मंत्रालय की तरफ से जारी ICI यानी Index of Eight Core Industries में मई के महीने में 0.7 फीसदी की ग्रोथ हुई है. इस भारतीय कोर इंडस्ट्रीज की ग्रोथ 9 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई है.

    इससे पहले अप्रैल 2025 में ICI की ग्रोथ 1 फीसदी के करीब रही थी. देश के औद्योगिक विकास को आंकने वाले IIP यानी Index of Industrial Production में 8 कोर इंडस्ट्रीज की हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी होती है. फिलहाल, कोर इंडस्ट्री की ग्रोथ में लगातार दूसरे महीने गिरावट हुई है. इससे पहले अप्रैल में ग्रोथ 8 महीने के निचले स्तर पर आ गई थी. कोर इंडस्ट्रीज के खराब प्रदर्शन की वजह से IIP पर भी असर देखने को मिला है. IIP के आंकड़े हर महीने 30 तारीख को जारी किए जाते हैं.

    किस इंडस्ट्री का कैसा प्रदर्शन?

    मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक आठ प्रमुख उद्योगों का सूचकांक मई 2025 में 169.4 रहा. इसमें सालाना आधार पर 0.7 फीसदी बढ़ोतरी हुई है. पिछले साल मई 2024 में यह इंडेक्स 168.2 रहा था. वहीं, मासिक आधार पर देखा जाए, तो इसमें करीब 3 फीसदी का इजाफा हुआ है. बहरहाल, यहां देखते हैं मई में किस उद्योग ने कैसा प्रदर्शन किया है.

    कोयला

    मई में कोयला उत्पादन सालाना आधार पर 2.8 फीसदी बढ़ा. पूरे इंडेक्स में इसका भारंक 10.33 फीसदी रहता है. अप्रैल-मई, 2025-26 के दौरान कोयला उत्पादन का कम्युलेटिव इंडेक्स पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 3.1 फीसदी बढ़ा है.

    कच्चा तेल

    ICI में 8.98 फीसदी का भार रखने वाले कच्चे तेल उत्पादन में मई, 2025 में मई, 2024 की तुलना में 1.8 फीसदी की गिरावट आई है. अप्रैल-मई 2025-26 के दौरान इसका कम्युलेटिव इंडेक्स पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 2.2 फीसदी घटा है.

    प्राकृतिक गैस

    प्राकृतिक गैस का उत्पादन ICI में 6.88 फीसदी की हिस्सेदारी रखता है. मई, 2025 के दौरान मई, 2024 की तुलना में इसका उत्पादन 3.6 फीसदी घटा है. वहीं, अप्रैल-मई 2025-26 के दौरान इसका कम्युलेटिव इंडेक्स पिछले वर्ष की तुलना में 2.3 फीसदी गिरा है.

    पेट्रोलियम रिफाइनरी

    पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादन का ICI में भार 28.04 फीसदी होता है. मई, 2025 में पिछले वर्ष मई 2024 की तुलना में यह 1.1 फीसदी बढ़ा है. अप्रैल-मई 2025-26 के दौरान इसका कम्युलेटिव इंडेक्स पिछले वर्ष की समान अवधि में 1.7 फीसदी कम हुआ.

    उर्वरक

    मई 2025 में उर्वरक उत्पादन मई, 2024 की तुलना में 5.9 फीसद घटा. अप्रैल-मई 2025-26 के दौरान इसका कम्युलेटिव इंडेक्स पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में 5.1 फीसदी घटा. उर्वरक उत्पादन 8 कोर इंडस्ट्रीज इंडेक्स में 2.63 फीसदी हिस्सेदारी रखता है.

    स्टील

    स्टील प्रोडक्शन इंडेक्स में 17.92 फीसदी का भार रखता है. मई, 2025 के दौरान मई, 2024 की तुलना में यह 6.7 फीसदी बढ़ा वहीं, अप्रैल-मई, 2025-26 के दौरान यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 5.5 फीसदी बढ़ा.

    सीमेंट

    सीमेंट उत्पादन का इंडेक्स मे भार 5.37 फीसदी होता है. मई, 2025 के दौरान मई, 2024 की तुलना में यह 9.2 फीसदी बढ़ा है.

    बिजली

    मई, 2025 में बिजली उत्पादन मई, 2024 की तुलना में 5.8 फीसदी घटा. अप्रैल-मई, 2025-26 के दौरान इसका संचयी सूचकांक पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 2.2 फीसदी घटा. इंडेक्स में यह 19.85 फीसदी का भार रखता है.

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here