More
    Homeदेशउन्नाव में बड़ा हादसा: बस ने कार को मारी टक्कर, पांच की...

    उन्नाव में बड़ा हादसा: बस ने कार को मारी टक्कर, पांच की मौत, कई घायल

    उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब पांच बजे एक तेज रफ्तार बस बेकाबू होकर एक कार से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस डिवाइडर की ग्रिल को तोड़ती हुई सड़क किनारे खंती में जाकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

    तेज रफ्तार बस ने कार को मारी टक्कर

    यह दुर्घटना बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के माइल स्टोन 230.800 (देवखरी गांव) के पास हुई। संतकबीरनगर के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली कार में कुल 8 लोग सवार थे। तेज रफ्तार स्लीपर बस ने इस कार को जोरदार टक्कर मार दी और फिर खुद भी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों—दिव्या (13), अमृता (5), अंजू (40), धुनमुन (60) और चालक विनोद (45) की जान चली गई।

    घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर किया गया रेफर

    हादसे के वक्त बस में कुल 85 यात्री सवार थे, जिनमें से 17 से ज्यादा यात्रियों को चोटें आई हैं। वहीं, कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां से कार सवार तीनों गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है।

    पुलिस-प्रशासन ने शुरू किया राहत कार्य

    घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। टीम ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को रास्ते से हटवाया ताकि यातायात बाधित न हो। इसके साथ ही, सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था की जा रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here