More
    Homeराजस्थानजयपुरएसीबी की कार्रवाई में एवीवीएनएल टेक्नीशियन गिरफ्तार

    एसीबी की कार्रवाई में एवीवीएनएल टेक्नीशियन गिरफ्तार

    पॉली हाउस बिजली कनेक्शन के नाम पर मांगी रिश्वत, 10 हजार रुपये लेते एसीबी ने दबोचा

    जयपुर। राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की इंटेलिजेंस इकाई, अजमेर ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के टेक्नीशियन प्रथम बबलेश कुमार शर्मा को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पॉली हाउस के लिए बिजली कनेक्शन जारी करने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

    बिजली कनेक्शन के लिए मांगी गई थी घूस

    भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि परिवादी ने अपने पिता एवं बड़े पिताजी के नाम ग्राम ढसूक स्थित कृषि भूमि पर पॉली हाउस के लिए विद्युत कनेक्शन प्राप्त करने हेतु 29 मई 2026 को आवेदन किया था।

    शिकायत के अनुसार, 23 जून को जब परिवादी एवीवीएनएल के किशनगढ़ स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचा, तब वहां गिरीराज मीणा ने विद्युत कनेक्शन जारी करने के बदले 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की और कहा कि आगे की बातचीत टेक्नीशियन बबलेश कुमार शर्मा करेगा।

    व्हाट्सएप कॉल कर मांगे रुपये

    एसीबी के अनुसार, 25 जून को आरोपी बबलेश कुमार शर्मा ने परिवादी को व्हाट्सएप कॉल कर फोनपे के माध्यम से 15 हजार रुपये भेजने को कहा और रिश्वत मिलने पर फाइल तुरंत स्वीकृत कराने का आश्वासन दिया।

    सत्यापन में सही मिली शिकायत

    उपमहानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस के सुपरवीजन में पुलिस निरीक्षक कंचन भाटी ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया। 1 जुलाई को मांग सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

    फोनपे से रिश्वत लेते ही एसीबी ने दबोचा

    शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने ट्रैप की कार्रवाई की। पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार आरोपी ने फोनपे के माध्यम से 10 हजार रुपये रिश्वत प्राप्त की। राशि प्राप्त होते ही एसीबी इंटेलिजेंस, अजमेर की टीम ने आरोपी बबलेश कुमार शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

    भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

    एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव तथा महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमला के निर्देशन में आरोपी एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।

    एसीबी ने आमजन से की अपील

    भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने नागरिकों से भ्रष्टाचार की शिकायत टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर दर्ज कराने की अपील की है। ब्यूरो ने भरोसा दिलाया है कि वैध कार्यों में रिश्वत मांगने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here