मेरा काम, मेरी पहचान’ प्रदर्शनी में 40 से अधिक स्टॉल, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण को मिला बढ़ावा
जयपुर। महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुनि संघ वैयावृत महिला समूह, महारानी फार्म के तत्वावधान में श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर परिसर में ‘मेरा काम, मेरी पहचान’ प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ किया गया। समाजश्रेष्ठी अनिल-अमिता गोधा परिवार ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया, जबकि जयपुर सांसद मंजू शर्मा ने भगवान आदिनाथ की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया।
प्रदर्शनी में महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प, घरेलू उत्पाद, कला एवं स्वरोजगार से जुड़े सामानों के 40 से 45 स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से महिलाओं को अपनी प्रतिभा, हुनर और व्यवसाय को पहचान दिलाने का अवसर मिल रहा है।
कार्यक्रम की मुख्य संयोजिका प्रमिला शाह, संगीता छाबड़ा एवं लता सोगानी ने बताया कि महिला समूह से लगभग 800 महिलाएं जुड़ी हुई हैं, जो सामाजिक, धार्मिक एवं सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाना है।
इस अवसर पर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह, आलोक शाह एवं समिति के अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल, ऋद्धि-सिद्धि मंडल अध्यक्ष दीपा नाथावत तथा जिला सह संयोजक (आईटी) अंशु गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। महिला समूह की पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
युवा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री उदयभान जैन ने बताया कि प्रदर्शनी को महिलाओं का उत्साहजनक समर्थन मिल रहा है। बड़ी संख्या में महिलाएं इसमें भाग लेकर अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रही हैं, जिससे महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को नई दिशा मिल रही है।
मुख्य अतिथि सांसद मंजू शर्मा एवं भाजपा प्रदेश मंत्री एकता अग्रवाल ने कहा कि समाज की महिलाओं को अपनी पहचान बनाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए इस प्रकार की प्रदर्शनियां अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने महिला समूह के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
कार्यक्रम में मंदिर प्रबंध समिति के पूर्व अध्यक्ष कैलाश छाबड़ा, वरिष्ठ अधिवक्ता विमल कुमार जैन, डी.के. जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष उपस्थित रहे।
महिला समूह की संयोजिका प्रमिला शाह ने बताया कि यह प्रदर्शनी 4 जुलाई की रात्रि 8 बजे तक आमजन के लिए खुली रहेगी, जहां लोग महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों का अवलोकन एवं खरीदारी कर सकेंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


