रिफाइनरी उद्घाटन से पहले भाजपा पर श्रेय लेने का आरोप, ईआरसीपी, पेपर लीक और महंगाई के मुद्दे भी उठाए
अलवर। बाड़मेर स्थित पचपदरा रिफाइनरी के प्रस्तावित उद्घाटन से एक दिन पहले राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि रिफाइनरी का करीब 80 से 85 प्रतिशत निर्माण कार्य कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पूरा हुआ, जबकि भाजपा केवल उद्घाटन कर उसका राजनीतिक श्रेय लेने का प्रयास कर रही है।
जूली ने कहा कि यदि किसी से विकास कार्यों का श्रेय लेना सीखना हो तो प्रधानमंत्री से सीखा जा सकता है। उनका आरोप था कि जिन परियोजनाओं की नींव और अधिकांश कार्य पहले ही पूरे हो चुके हैं, उनका उद्घाटन कर भाजपा राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।
उद्घाटन कार्यक्रम पर भी उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि रिफाइनरी का उद्घाटन पहले भी प्रस्तावित था, लेकिन आगजनी की एक बड़ी घटना के कारण कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब पुनः उद्घाटन किया जा रहा है, लेकिन भाजपा जनता का व्यापक समर्थन जुटाने में सफल नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में न पहले जैसी भीड़ दिखाई दे रही है और न ही पहले जैसा उत्साह, इसलिए इसे औपचारिक आयोजन तक सीमित रखा गया है।
ईआरसीपी और पेपर लीक का मुद्दा उठाया
टीकाराम जूली ने प्रधानमंत्री के पूर्व राजस्थान दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय ईआरसीपी (ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट) को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने का वादा किया गया था, लेकिन अब तक यह वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि एक वर्ष पहले योजना को लेकर बड़े दावे किए गए, लेकिन केंद्र सरकार की ओर से वित्तीय सहायता नहीं मिली।
उन्होंने प्रदेश में पेपर लीक की घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार युवाओं को सुरक्षित भर्ती व्यवस्था देने में विफल रही है। उन्होंने हाल ही में सीकर में सामने आए कथित पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर समय पर कार्रवाई नहीं हुई और अंततः मामला सीबीआई तक पहुंचा।
महंगाई पर भी साधा निशाना
जूली ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल उद्घाटन और घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर परिणाम और वादों का क्रियान्वयन देखना चाहती है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


