मानसून से पहले तैयारियों पर सवाल, नालों की सफाई, सड़कों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग
अलवर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश में मानसून की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष मानसून की तैयारियों के नाम पर करोड़ों रुपये का बजट जारी किया जाता है, लेकिन उसका प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखाई नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि तैयारियों के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है, जबकि आमजन को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
टीकाराम जूली ने कहा कि प्रदेश के कई शहरों और कस्बों में नालों की नियमित सफाई नहीं होने से वे गंदगी से भरे पड़े हैं। ऐसे में बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बनने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित है और संबंधित विभाग समय रहते आवश्यक कार्य नहीं कर रहे हैं।
सड़कों की बदहाल स्थिति पर भी उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि अनेक स्थानों पर सड़कें गड्ढों से भरी हुई हैं तथा निर्माण सामग्री खुले में पड़ी है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि मानसून से पहले इन समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
सरकार से की तत्काल कार्रवाई की मांग
जूली ने सरकार से मांग की कि मानसून के दौरान संभावित जलभराव और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी नालों की सफाई, सड़कों की मरम्मत तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि धरातल पर प्रभावी कार्य चाहती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली की प्रभावी निगरानी नहीं हो रही है, जिसके कारण समस्याएं लगातार बनी हुई हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


