More
    Homeराज्ययूपीइन्फ्लुएंसर हत्याकांड में बड़ा खुलासा! हत्या से 3 दिन पहले प्रदीप ने...

    इन्फ्लुएंसर हत्याकांड में बड़ा खुलासा! हत्या से 3 दिन पहले प्रदीप ने घर में कराया था ये काम

    मेरठ। सरूरपुर के कस्बा हर्रा में हुई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर निशा चौहान की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। वारदात के बाद खुदकुशी की कोशिश करने वाले आरोपी पति प्रदीप चौहान से पुलिस ने अस्पताल में पूछताछ की, जिससे यह साफ हुआ है कि यह हत्याकांड महज एक तात्कालिक गुस्से का नतीजा नहीं था। पुलिस को पता चला है कि आरोपी ने घटना से ठीक तीन दिन पहले ही घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे, जिसके बाद अब पूरी साजिश की नए सिरे से पड़ताल की जा रही है।

    सोची-समझी साजिश और शक का एंगल

    पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि निशा और प्रदीप के बीच पिछले कुछ समय से सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। घर में तीन दिन पहले सीसीटीवी कैमरों का लगना और पिछले तीन दिनों से दोनों का अलग-अलग सोना इस बात का साफ इशारा है कि उनके बीच गहरी अनबन थी। पुलिस अब इस बिंदु पर भी गहराई से जांच कर रही है कि कहीं प्रदीप अपनी पत्नी पर शक तो नहीं करने लगा था। वहीं, मामले में नामजद किए गए प्रदीप के चचेरे भाई विकास और ममेरे भाई राहुल के खिलाफ पुलिस को अब तक कोई ठोस सबूत नहीं मिले हैं। कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच में भी प्रदीप और विकास के बीच घटना के वक्त किसी बातचीत की पुष्टि नहीं हुई है, जिसके कारण फिलहाल उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई है।

    प्लॉट का विवाद, नया गेट और खूनी अंजाम

    इस पूरी वारदात की मुख्य वजह एक प्लॉट का बैनामा और गली में नया गेट लगाने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है। दरअसल, दोनों ने मिलकर एक प्लॉट खरीदा था जिसका बैनामा उसी दिन होना था और निशा इसे अपने नाम करवाना चाहती थी। इसके अलावा, निशा का अपने पड़ोसी चचेरे भाई विकास से रास्ते पर नया गेट निकालने को लेकर पुराना विवाद चल रहा था, जिसकी शिकायत उसने पुलिस-प्रशासन से भी की थी और इंस्टाग्राम पर वीडियो भी डाले थे। आरोप है कि विकास ने अपने मामा के बेटे राहुल के साथ मिलकर निशा के पार्लर के सामने नया गेट लगा दिया। जब शुक्रवार सुबह निशा ने इसका वीडियो बनाया, तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद गुस्से में आकर प्रदीप ने रसोई से चाकू उठाया और निशा पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। बीच-बचाव में आए उनके 17 वर्षीय बेटे देव को भी चोटें आईं। पत्नी की जान लेने के बाद प्रदीप ने खुद के सीने में भी चाकू घोंप लिया था, जिसका अभी इलाज चल रहा है और अस्पताल से छुट्टी मिलते ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    महिला आयोग की पहल और सोशल मीडिया पर बढ़े फॉलोअर्स

    इस दुखद घटना के बाद रविवार को महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचीं। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि आयोग इस मुश्किल घड़ी में उनके साथ खड़ा है और उन्हें पूरा न्याय दिलाया जाएगा। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से मामले की पारदर्शी और तेज जांच की मांग की है। दूसरी तरफ, इस भयावह वारदात के बाद सोशल मीडिया पर मृतका निशा चौहान के इंस्टाग्राम अकाउंट को देखने वालों की बाढ़ आ गई है। घटना के वक्त जहां उनके करीब 24 हजार फॉलोअर्स थे, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 28 हजार के पार पहुंच गई है। लोग उनके पुराने वीडियो, खासकर विकास के साथ हुए विवाद को लेकर बनाए गए वीडियो को लगातार देख रहे हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here