खेंडामैदा की वृद्धा की पेंशन समस्या का घर पर हुआ समाधान, तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर जोड़ा सही बैंक खाता
कठूमर। क्षेत्र के खेंडामैदा गांव की एक बुजुर्ग महिला की चार वर्षों से लंबित वृद्धावस्था पेंशन का रास्ता आखिरकार साफ होता नजर आ रहा है। ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी (बीएसओ) दीपक शर्मा और संगणक धर्मवीर ने तत्परता दिखाते हुए महिला के बैंक खाते को सही तरीके से सीड़ कर तकनीकी समस्या का समाधान किया। इस कार्रवाई के बाद महिला को शीघ्र पेंशन मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

चार वर्षों से अटकी थी पेंशन
जानकारी के अनुसार खेंडामैदा निवासी गजना के पति के निधन के बाद जन आधार से उनके पति का नाम हटा दिया गया था। हालांकि जन आधार में बैंक खाते के रूप में पति का पुराना खाता ही जुड़ा रहने से वृद्धावस्था पेंशन का भुगतान पिछले चार वर्षों से बाधित था। समस्या के समाधान के लिए गजना और उनके परिजन कई बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली।
बीएसओ ने दिखाई संवेदनशीलता
7 जुलाई को गजना के पुत्र ने बीएसओ दीपक शर्मा से संपर्क कर पूरी समस्या से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अगले ही दिन बीएसओ दीपक शर्मा और संगणक धर्मवीर ने आवश्यक तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर परिजनों के साथ पहुंची बुजुर्ग महिला का सही बैंक खाता सीड़ कर दिया।
क्षेत्रवासियों में बढ़ा भरोसा
बीएसओ की त्वरित कार्रवाई से न केवल गजना की पेंशन मिलने की उम्मीद जगी है, बल्कि क्षेत्र के अन्य जरूरतमंद लोगों में भी प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है। स्थानीय लोगों ने इस पहल को संवेदनशील और जनहितकारी कदम बताते हुए सराहना की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

