शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर में एक ही स्थान पर मिलेंगी सरकारी सेवाएं, जिले के विभिन्न वार्डों और ग्राम पंचायतों में होंगे शिविर
अलवर। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं प्रमुख योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिले में 9 जुलाई को शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे लोगों को योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं का मौके पर समाधान कराने में सुविधा मिलेगी।
इन शहरी क्षेत्रों में लगेंगे सेवा शिविर
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि 9 जुलाई को अलवर नगर निगम के वार्ड संख्या 51, 52 एवं 53, नगर पालिका बड़ौदामेव (वार्ड 20), खेड़ली (वार्ड 24), बहादुरपुर (वार्ड 21 एवं 22), रामगढ़ (वार्ड 30), नौगांव (वार्ड 18), कठूमर (वार्ड 18), थानागाजी (वार्ड 20), मालाखेड़ा (वार्ड 18), गोविंदगढ़ (वार्ड 18), लक्ष्मणगढ़ (वार्ड 18) तथा राजगढ़ (वार्ड 36) के लिए सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों का आयोजन संबंधित नगर निकायों के कार्यालय परिसर में किया जाएगा। वहीं नगर विकास न्यास, अलवर के नीलामी हॉल में भी समस्त निकाय क्षेत्र के लिए शिविर लगाया जाएगा।
इन ग्राम पंचायतों में होंगे ग्रामीण सेवा शिविर
ग्रामीण क्षेत्रों में 9 जुलाई को अलवर तहसील की ग्राम पंचायत ककरोली एवं भजीट, कठूमर की रामपुरापाटन एवं मंगोलाकी, लक्ष्मणगढ़ की शीतल, मालाखेड़ा की भड़कोल एवं कैरवावाल, रामगढ़ की नांगलटप्पा, थानागाजी की मैजोर एवं नांगलबानी, तथा रैणी की डोरोली एवं माचाड़ी ग्राम पंचायतों में सेवा शिविर लगाए जाएंगे।
एक ही स्थान पर मिलेंगी विभिन्न विभागों की सेवाएं
प्रशासन के अनुसार इन शिविरों में विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। आमजन को राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी, पात्रता के अनुसार लाभ तथा शिकायतों एवं परिवेदनाओं के त्वरित निस्तारण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


