More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशMP पुलिस में 436 अधिकारियों की नियुक्ति, तीन चरणों में पूरी हुई...

    MP पुलिस में 436 अधिकारियों की नियुक्ति, तीन चरणों में पूरी हुई भर्ती प्रक्रिया

    भोपाल: मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने उप निरीक्षक (SI) और सूबेदार भर्ती परीक्षा-2025 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है। करीब 8 साल के लंबे इंतजार के बाद मध्य प्रदेश पुलिस महकमे को सूबेदार और उपनिरीक्षक संवर्ग के 436 नए अधिकारी मिलने जा रहे हैं। चयन मंडल द्वारा आधिकारिक वेबसाइट पर परिणाम के साथ-साथ पदवार, श्रेणीवार और संवर्गवार कट-ऑफ भी जारी कर दिए गए हैं। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की प्रक्रिया नियमानुसार जल्द ही शुरू की जाएगी।

    संजय परमार ने किया टॉप, जानें क्या रहा कट-ऑफ

    इस परीक्षा में ओबीसी (OBC) वर्ग के संजय परमार ने कुल 595.98 अंक हासिल कर पूरे प्रदेश में पहला स्थान (टॉपर) प्राप्त किया है। वहीं अगर कट-ऑफ की बात करें, तो सूबेदार पद के लिए 571.16, विशेष सशस्त्र बल (SAF) सब इंस्पेक्टर के लिए 497.27 और जिला पुलिस बल सब इंस्पेक्टर के लिए कट-ऑफ 505.20 रहा है। मंडल के नियमों के मुताबिक, समान अंक आने पर अभ्यर्थियों की वरीयता आयु और आरक्षण नियमों के आधार पर तय की गई है, जबकि पूर्व सैनिकों को प्रारंभिक परीक्षा में 5% अतिरिक्त अंकों का लाभ दिया गया है।

    87% फॉर्मूले के तहत जारी हुआ रिजल्ट, महिलाओं को मिला पूरा हक

    माननीय न्यायालय के आदेशों का पालन करते हुए मंडल ने कुल रिक्तियों के 13 प्रतिशत पदों के परिणाम को अभी रोक कर रखा है। फिलहाल 87 प्रतिशत पदों के आधार पर ही अंतिम सूची जारी की गई है, जिसमें कुल 436 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इसमें 313 पुरुष और 123 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं। शासन की नीति के अनुसार, महिलाओं के लिए तय 35 प्रतिशत आरक्षण के अंतर्गत सभी आरक्षित 123 पदों पर महिला उम्मीदवारों ने बाजी मारी है।

    3 चरणों में पूरी हुई भर्ती प्रक्रिया

    गौरतलब है कि सूबेदार और सब इंस्पेक्टर संवर्ग के कुल 500 रिक्त पदों के लिए यह पूरी भर्ती प्रक्रिया तीन कड़े चरणों में आयोजित की गई थी। इसकी प्रारंभिक परीक्षा 16 अक्टूबर 2025 से शुरू हुई थी, जिसके बाद मुख्य परीक्षा का आयोजन 29 अप्रैल 2026 को किया गया था। मुख्य परीक्षा में पास हुए 1,639 अभ्यर्थियों को अगले चरण के लिए चुना गया था। इसके बाद 5 जून से 11 जून 2026 तक भोपाल और जबलपुर में शारीरिक प्रवीणता परीक्षा (PET), शारीरिक माप (PMT), दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।

    भौंरी और इंदौर में मिलेगा हाईटेक प्रशिक्षण

    सफलता प्राप्त करने वाले इन सभी नए जांबाजों को पुलिस अकादमी भौंरी (भोपाल) और आरएपीटीसी (RAPTC) इंदौर में आधारभूत ट्रेनिंग दी जाएगी। इस आधुनिक प्रशिक्षण के दौरान इन अधिकारियों को नए आपराधिक कानूनों (New Criminal Laws), आधुनिक पुलिसिंग, साइबर अपराध जांच, फॉरेंसिक विज्ञान, तकनीक आधारित विवेचना और कानून-व्यवस्था प्रबंधन के साथ-साथ जनोन्मुखी पुलिसिंग का व्यावहारिक पाठ पढ़ाया जाएगा, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम बन सकें।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here