स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति ने किया आईजी का स्वागत, 15 अगस्त के दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का पोस्टर जारी
अलवर। जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राहुल प्रकाश के अलवर आगमन पर स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर समिति ने आगामी 15 अगस्त की शाम आयोजित होने वाले दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के पोस्टर का भी विमोचन कराया।
समिति के संरक्षक सुभाष अग्रवाल ने बताया कि समिति अध्यक्ष गौरीशंकर विजय के नेतृत्व में आईजी राहुल प्रकाश का तिरंगा एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें स्वतंत्रता गौरव उत्सव के उद्देश्य और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।
आईजी राहुल प्रकाश ने समिति द्वारा वर्षों से किए जा रहे राष्ट्रभक्ति एवं जनजागरण के प्रयासों की सराहना करते हुए कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। समिति के अनुरोध पर उन्होंने 15 अगस्त की शाम शहीद स्मारक, अलवर पर आयोजित होने वाले दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भी किया।
समिति से जुड़े दीपक गुप्ता ने बताया कि राहुल प्रकाश जब अलवर में पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे, तब उन्होंने समिति के कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहयोग दिया था। स्थानांतरण के बाद भी उनका मार्गदर्शन एवं सहयोग समिति को निरंतर मिलता रहा है। इसी भावना के तहत समिति की ओर से उनका विशेष आभार व्यक्त किया गया।
समिति ने शहरवासियों से 15 अगस्त की शाम शहीद स्मारक पर आयोजित दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर राष्ट्र के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


