More
    Homeदुनियारास्ते में काल बनकर आए दो ट्रक, शादी से लौट रहे 13...

    रास्ते में काल बनकर आए दो ट्रक, शादी से लौट रहे 13 लोगों की गई जान

    जावा (इंडोनेशिया): इंडोनेशिया के मुख्य द्वीप जावा पर एक भीषण सड़क हादसे में शादी समारोह से लौट रहे 13 मेहमानों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब सवारियों से भरी एक पिकअप गाड़ी हाईवे पर दो भारी भरकम ट्रकों के बीच सैंडविच बन गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। फिलहाल, पुलिस प्रशासन इस पूरे दर्दनाक वाकये की गहनता से तफ्तीश कर रहा है।

    यू-टर्न लेते समय हुआ दर्दनाक हादसा

    स्थानीय यातायात पुलिस प्रमुख उंदांग स्यारिफ हिदायत ने दुर्घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यह वीभत्स वाकया रविवार दोपहर को इंद्रामायु रीजेंसी के कियाजारन कुलोन गांव के पास उत्तरी तटीय हाईवे पर पेश आया। गाड़ी में सवार सभी लोग पड़ोसी परेआन गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शिरकत करने के बाद खुशी-खुशी अपने घरों को वापस लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में ही मौत ने उन्हें घेर लिया।

    दो ट्रकों के बीच ऐसे फंसी यात्रियों से भरी पिकअप

    पुलिस द्वारा दी गई शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, सभी मेहमान एक खुली पिकअप गाड़ी में सवार होकर सफर कर रहे थे। हाईवे पर सफर के दौरान जब चालक ने एक यू-टर्न लेने के लिए डिवाइडर के कट के पास वाहन की रफ्तार को धीमा किया और गाड़ी रोकी, तभी पीछे से काल बनकर आ रहे एक तेज रफ्तार विंग बॉक्स ट्रक ने पिकअप को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

    टक्कर के बाद मची चीख-पुकार और बिखरी लाशें

    पुलिस प्रमुख हिदायत ने आगे बताया कि पीछे से लगे इस भीषण झटके के कारण पिकअप अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए सीधे सामने वाली दूसरी लेन में जा पहुंची। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य तेज रफ्तार ट्रक ने पिकअप को सामने से भी जोरदार टक्कर मार दी। दोनों ट्रकों के बीच हुई इस जबर्दस्त भिड़ंत के कारण पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक दर्जन से अधिक लोग हवा में उछलकर हाईवे पर जा गिरे। हादसे में घायल पांच लोगों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायलों में से कुछ की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here