More
    Homeराजस्थानजयपुरराज्यपाल बागडे की पहल पर ऑस्ट्रेलिया की तर्ज पर आदिवासी संस्कृति संरक्षण...

    राज्यपाल बागडे की पहल पर ऑस्ट्रेलिया की तर्ज पर आदिवासी संस्कृति संरक्षण के लिए भी होगा कार्य

    जयपुर। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से मंगलवार को लोकभवन में ऑस्ट्रेलिया के उच्च-स्तरीय राजनयिक और वाणिज्यिक महादूत पॉल मर्फी ने एक शिष्टाचार मुलाकात की। इस अनौपचारिक बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, शिक्षा और वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने पर बल दिया गया। विशेष रूप से राजस्थान के संदर्भ में उच्च शिक्षा, कृषि में नवाचार और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण को लेकर व्यापक विचार-विमर्श हुआ।

    विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षिक आदान-प्रदान पर सहमति

    बैठक में राज्यपाल बागडे ने ऑस्ट्रेलिया के उच्च शिक्षा मॉडल और सफल नवाचारों का लाभ राजस्थान को भी देने का आह्वान किया। इस पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए पॉल मर्फी ने राजस्थान के विश्वविद्यालयों के साथ ऑस्ट्रेलियाई उच्च शैक्षिक कार्यक्रमों के विनिमय (एक्सचेंज) पर काम करने की सहमति दी। आगामी दिनों में इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए राजस्थान के कुलपतियों और ऑस्ट्रेलिया के शिक्षाविदों के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक विशेष संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा।

    कम पानी में खेती और शुष्क कृषि तकनीक का मिलेगा लाभ

    भौगोलिक रूप से राजस्थान के एक बड़े हिस्से में पानी की कमी और शुष्क वातावरण रहता है। इसे ध्यान में रखते हुए राज्यपाल ने ऑस्ट्रेलिया में इस्तेमाल होने वाली कम पानी की कृषि पद्धतियों को राजस्थान में भी लागू करने का आग्रह किया। पॉल मर्फी ने वहां की आधुनिक शुष्क कृषि तकनीकों की जानकारी साझा की और इस क्षेत्र में राजस्थान का सहयोग करने का भरोसा दिलाया। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल बागडे ने महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष रहते हुए ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था, जहां उन्होंने वहां के सिविक सेंस, यातायात और कृषि कार्यों को भारत के लिए बेहद उपयोगी पाया था।

    आदिवासी संस्कृति और धरोहर का होगा संरक्षण

    बैठक का एक मुख्य आकर्षण दोनों क्षेत्रों की आदिवासी संस्कृतियों का संरक्षण रहा। ऑस्ट्रेलियाई राजनयिक ने वहां के मूल निवासियों (एबोरिजिनल ओरिजिन पीपल) और राजस्थान के जनजातीय समाज की सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने के लिए मिलकर काम करने की इच्छा जताई। इस कार्ययोजना को आगे बढ़ाने के लिए एक ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल अगले एक से दो महीनों में उदयपुर स्थित पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र का दौरा करेगा और भविष्य की रूपरेखा तैयार करेगा।

    वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

    इस महत्वपूर्ण बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी ने प्रदेश के विश्वविद्यालयों और कृषि संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर सहकारिता विभाग के शासन सचिव डॉ. समित शर्मा और ऑस्ट्रेलिया महावाणिज्यदूत के सहायक नजीन लूथ भी उपस्थित रहे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here