अलवर में जिला कलक्टर ने कठूमर-लक्ष्मणगढ़ दौरे के दौरान ग्रामीणों से किया संवाद, योजनाओं के स्वीकृति पत्र बांटे और विद्यालय में आधुनिक विज्ञान प्रयोगशाला के दिए निर्देश
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मंगलवार को कठूमर एवं लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीण सेवा शिविर, उपखंड अधिकारी कार्यालय तथा पीएम श्री विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने और समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने कठूमर तहसील की ग्राम पंचायत नूरपुर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की स्टॉलों का अवलोकन कर आमजन को दी जा रही सेवाओं एवं सुविधाओं की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य एक ही स्थान पर आमजन की समस्याओं का समाधान करना और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अधिकतम प्रकरणों का निस्तारण शिविर स्थल पर ही किया जाए।
जिला कलक्टर ने ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं का फीडबैक लिया तथा महिलाओं से स्वरोजगार के लिए राजीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने का आह्वान किया।
राजीविका समूह की क्लस्टर प्रबंधक कोमल कुमारी और हेमलता चौधरी ने बताया कि नूरपुर ग्राम पंचायत में 31 स्वयं सहायता समूहों से लगभग 325 महिलाएं जुड़कर आजीविका संवर्धन का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने ग्रामीणों को रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र, फार्म पॉण्ड, तारबंदी सहित विभिन्न कृषि एवं ऊर्जा योजनाओं की जानकारी देते हुए इनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
जिला कलक्टर ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं दस्तावेज वितरित किए।
- जगराम (नूरपुर) का वर्षों पुराना खाता विभाजन प्रकरण निस्तारित होने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
- छगनलाल सैनी (सलेमपुर) ने पॉली हाउस एवं फार्म पॉण्ड निर्माण के लिए 16.27 लाख रुपये का अनुदान मिलने पर आय बढ़ने की जानकारी साझा की।
- शिविर में 9 वृद्धजन एवं विशेष योग्यजन को राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के यात्रा पास भी वितरित किए गए।
इसके बाद जिला कलक्टर ने कठूमर उपखंड अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक परिवाद का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा ई-फाइल प्रणाली को बढ़ावा दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। जिला कलक्टर ने ज्ञापन को मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
लक्ष्मणगढ़ स्थित पीएम श्री विद्यालय के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने बाल वाटिका, संविधान कक्ष, निर्माणाधीन विज्ञान प्रयोगशाला एवं रूफटॉप वर्षा जल संचयन प्रणाली का अवलोकन किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि विज्ञान प्रयोगशाला को आधुनिक स्वरूप देकर निर्धारित समय में पूर्ण किया जाए। साथ ही विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार, कठिन विषयों पर विशेष ध्यान, सीखने के परिणाम (लर्निंग आउटकम) में वृद्धि तथा विद्यालय परिसर में नेचर गार्डन विकसित करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान उपखंड अधिकारी श्याम सुंदर चेतीवाल, तहसीलदार भानुप्रताप सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) मनोज कुमार शर्मा, चिरंजीलाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


