लोहे का पाइप बिजली लाइन से छूते ही हुआ हादसा, गंभीर हालत में मालाखेड़ा से जिला अस्पताल रेफर
अलवर। जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र के बिजवाड़ गांव में निर्माणाधीन मकान में काम करते समय एक युवक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा उस समय हुआ जब युवक लोहे का पाइप उठा रहा था और वह पास से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन से संपर्क में आ गया। करंट लगते ही युवक नीचे गिर पड़ा।
घटना के बाद परिजन और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायल युवक को मालाखेड़ा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय, अलवर रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल का उपचार जिला अस्पताल में जारी है।
घायल राजेश ने बताया कि वह अपने निर्माणाधीन मकान में काम कर रहा था। इसी दौरान वह एक लंबा लोहे का पाइप उठा रहा था। पाइप का ऊपरी हिस्सा मकान के पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन से छू गया, जिससे तेज करंट दौड़ गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोट आई है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अलवर रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान बिजली लाइनों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उनका कहना है कि हाईटेंशन लाइनों के निकट काम करते समय सुरक्षा मानकों का पालन बेहद जरूरी है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


