भरतपुर रेडक्रॉस इकाई को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए आरबीएम अस्पताल परिसर में कार्यालय स्थानांतरित करने की उठी मांग
भरतपुर। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, भरतपुर के संरक्षक सीताराम गुप्ता ने राज्यपाल को पत्र लिखकर सोसायटी की कार्यप्रणाली में कथित अनियमितताओं की जांच, आय-व्यय का विस्तृत ऑडिट तथा संगठन को अधिक पारदर्शी और जनहितकारी बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी की स्थापना पीड़ित मानवता की सेवा और आपदा के समय राहत कार्यों के लिए की गई थी, लेकिन वर्तमान में भरतपुर इकाई अपने मूल उद्देश्यों से भटकती नजर आ रही है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि वर्तमान में सोसायटी के सचिव एवं अन्य पदाधिकारी संगठन के अध्यक्ष, वाइस चेयरमैन और संरक्षक को कार्यों, आय-व्यय तथा योजनाओं की नियमित जानकारी उपलब्ध नहीं कराते। साथ ही लंबे समय से सोसायटी की बैठकें भी आयोजित नहीं होने का उल्लेख करते हुए संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं।
सीताराम गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में रेडक्रॉस सोसायटी का कार्यालय जनाना अस्पताल परिसर में संचालित हो रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि कार्यालय के निकट सचिव का निजी व्यापारिक प्रतिष्ठान होने से निष्पक्षता प्रभावित होने की संभावना बनती है। इसलिए कार्यालय को जिला आरबीएम चिकित्सालय परिसर में स्थानांतरित किया जाना चाहिए, जिससे प्रशासनिक निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
पत्र में सोसायटी के आय-व्यय का स्वतंत्र एवं विस्तृत ऑडिट कराने, नियमित बैठकें आयोजित करने तथा वार्षिक कार्ययोजना बनाकर सेवा और राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की मांग भी की गई है। इसके अलावा वर्ष में कम से कम एक बार जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर सामाजिक एवं सेवा संस्थाओं को भी शामिल करने का सुझाव दिया गया है, ताकि आपदा और राहत कार्यों में समन्वय बेहतर हो सके।
गुप्ता ने कहा कि राज्यपाल की अध्यक्षता में जयपुर में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के कार्यालयों को प्रशासनिक दृष्टि से उपयुक्त स्थानों पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया था। उसी निर्णय के अनुरूप भरतपुर कार्यालय को भी जिला स्तरीय प्रशासनिक परिसर के निकट स्थानांतरित किया जाना चाहिए।
उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में पहले जिला कलेक्टर को भी पत्र भेजा गया था, लेकिन अब तक न तो कार्यालय स्थानांतरण की कार्रवाई हुई और न ही ऑडिट प्रक्रिया शुरू की गई है।
पत्र में कहा गया है कि भरतपुर जिले में सड़क दुर्घटनाएं, आगजनी और प्राकृतिक आपदाएं लगातार होती रहती हैं, लेकिन राहत कार्यों में रेडक्रॉस सोसायटी की सक्रिय भागीदारी दिखाई नहीं देती। यदि सोसायटी अपने मूल उद्देश्यों के अनुरूप सक्रिय होकर कार्य करे तो पीड़ितों को त्वरित सहायता मिलने के साथ जिला प्रशासन को भी राहत कार्यों में महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त होगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


