बड़ोदामेव शिविर में मौके पर पूरी हुई प्रक्रिया, लाभार्थी ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जताया आभार
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में जिलेभर में आयोजित शहरी सेवा शिविर-2026 आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ घर के नजदीक उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिक अपने कार्य मौके पर ही पूर्ण करवा रहे हैं और अन्य लोगों को भी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
इसी क्रम में नगर पालिका बड़ोदामेव में आयोजित शहरी सेवा शिविर में लाभार्थी दिलीप सिंह को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का स्वीकृति दस्तावेज (एलओआर) प्रदान किया गया। योजना की सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें मौके पर ही स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराया गया।
दिलीप सिंह ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए नगर पालिका में आवेदन किया था। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शहरी सेवा शिविर में उन्हें योजना का स्वीकृति पत्र मिल गया, जिससे अब वे योजना के तहत मिलने वाले वित्तीय लाभ का उपयोग कर अपने स्वरोजगार को आगे बढ़ा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि शिविर में बिना किसी अनावश्यक देरी के कार्य पूरा होने से उन्हें काफी राहत मिली। इसके लिए उन्होंने राज्य सरकार द्वारा आयोजित शहरी सेवा शिविरों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन के अनुसार, शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आमजन को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से मिल रहा है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


