More
    Homeराज्यराजस्थानगर्भवती के इलाज में रिश्वत: घड़साना सीएचसी का डॉक्टर एसीबी के जाल...

    गर्भवती के इलाज में रिश्वत: घड़साना सीएचसी का डॉक्टर एसीबी के जाल में फंसा

    3500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, गर्भ की सफाई करने के बदले मांगे थे पैसे; भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की कार्रवाई

    श्रीगंगानगर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घड़साना में कार्यरत स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. महेन्द्र सिंह को 3500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गर्भ में मृत भ्रूण की सफाई (चिकित्सीय प्रक्रिया) करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

    एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी लगभग तीन माह की गर्भवती थी। जांच के दौरान गर्भ में भ्रूण मृत पाए जाने पर चिकित्सक ने उपचार एवं सफाई करने के बदले 4000 रुपये रिश्वत की मांग की और राशि नहीं देने पर इलाज से इनकार करने की बात कही।

    शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई। उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस के पर्यवेक्षण तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पवन कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने जाल बिछाकर आरोपी चिकित्सक को परिवादी से 3500 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

    कार्रवाई के दौरान पुलिस निरीक्षक राजेन्द्र कुमार सहित एसीबी की टीम मौजूद रही। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।

    एसीबी ने आमजन से भ्रष्टाचार की शिकायतें टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर दर्ज कराने की अपील की है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here