More
    Homeराजस्थानअलवरग्रामीण सेवा शिविरों से लाखों ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ, 290...

    ग्रामीण सेवा शिविरों से लाखों ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ, 290 शिविरों में 5.50 लाख से अधिक प्रकरणों का निस्तारण

    अलवर में सेवा शिविरों के माध्यम से सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का दावा

    अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में जिलेभर में 12 जून से 15 जुलाई तक आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि जिले में आयोजित 290 ग्रामीण सेवा शिविरों में विभिन्न विभागों के 5 लाख 32 हजार 685 प्रकरणों एवं कार्यों का निस्तारण किया गया, जबकि करीब 7 लाख ग्रामीणों को राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया गया।

    उन्होंने बताया कि इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाना रहा। शिविरों में राजस्व, चिकित्सा, पंचायती राज, कृषि, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, ऊर्जा, पशुपालन, जल संसाधन, शिक्षा सहित अनेक विभागों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

    राजस्व विभाग ने निपटाए हजारों लंबित प्रकरण

    राजस्व विभाग ने शिविरों के दौरान नामांतरण के 3966, सीमाज्ञान एवं पत्थरगढ़ी के 864, आपसी सहमति से विभाजन के 399, खातों के शुद्धिकरण के 2647 तथा जाति, मूल निवास एवं हैसियत प्रमाण पत्र जारी करने के 11,507 प्रकरणों का निस्तारण किया। इसके अतिरिक्त 5539 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल पर पंजीकरण किया गया तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 1 लाख 28 हजार 503 लोगों को लाभ पहुंचाया गया।

    पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की उल्लेखनीय उपलब्धियां

    पंचायती राज विभाग ने 11,751 पट्टे जारी किए तथा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत हजारों व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता कार्यों को स्वीकृति दी। वहीं ग्रामीण विकास विभाग ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सैकड़ों लाभार्थियों को किश्तें जारी कीं, स्वयं सहायता समूहों का गठन कराया, महिलाओं को बैंकिंग सुविधा से जोड़ा तथा स्वरोजगार को बढ़ावा दिया।

    स्वास्थ्य विभाग ने हजारों लोगों की जांच कर दी उपचार सुविधा

    चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 2079 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच की। इसके अलावा 9876 महिलाओं की कैंसर स्क्रीनिंग, 2163 बच्चों का टीकाकरण, 18,677 व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग तथा 47,006 मरीजों का उपचार किया गया। 30 वर्ष से अधिक आयु के 31,155 लोगों की रक्तचाप एवं मधुमेह जांच भी की गई। पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड, पोषण किट एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

    महिला एवं बाल विकास विभाग ने बढ़ाया योजनाओं का दायरा

    महिला एवं बाल विकास विभाग ने 327 शिकायतों का निस्तारण किया तथा 2772 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का नया पंजीकरण किया। तीन से छह वर्ष आयु वर्ग के हजारों बच्चों का पंजीकरण एवं आधार नामांकन कराया गया। विभाग ने 1 लाख 12 हजार 190 लोगों को विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया।

    सामाजिक न्याय, कृषि और पशुपालन विभाग भी रहे सक्रिय

    सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पालनहार योजना, विशेष योग्यजन योजनाओं तथा घुमंतू आवास योजना से जुड़े हजारों प्रकरणों का निस्तारण किया। कृषि विभाग ने 74 हजार से अधिक किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत लाभ प्रदान किया।

    पशुपालन विभाग ने 18,967 बड़े पशुओं एवं 37,092 छोटे पशुओं का उपचार किया। लगभग 69 हजार पशुओं का टीकाकरण और कृमिनाशन कराया गया तथा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 21,237 बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं।

    ऊर्जा, जल, शिक्षा और अन्य विभागों ने भी किया प्रभावी कार्य

    ऊर्जा विभाग ने बिजली आपूर्ति, ट्रांसफार्मर, मीटर एवं विद्युत लाइनों से संबंधित 6609 प्रकरणों का समाधान किया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पेयजल गुणवत्ता जांच, पाइपलाइन लीकेज, हैंडपंप मरम्मत एवं जल स्रोतों की सफाई जैसे हजारों कार्य किए।

    शिक्षा विभाग ने छात्रवृत्ति, नामांकन, पालनहार योजना तथा विद्यालय संबंधी कार्यों का निस्तारण किया। वन विभाग ने 15,105 पौधों का वितरण किया, जबकि आयुष विभाग ने 18,284 मरीजों को परामर्श एवं 10,313 लोगों को औषधियां उपलब्ध कराईं। परिवहन विभाग ने विशेष योग्यजनों सहित हजारों पात्र व्यक्तियों को बस पास जारी किए।

    जनभागीदारी से सफल हुए ग्रामीण सेवा शिविर

    जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंचा और लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने समन्वय के साथ कार्य करते हुए ग्रामीणों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराईं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार प्रशासन जनसुविधाओं को और प्रभावी बनाने के लिए ऐसे प्रयास जारी रखेगा।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here