एएनएम कार्मिकों पर कार्रवाई के विरोध में राजस्थानभर में ज्ञापन, खैरथल-तिजारा जिले की सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी उठी मांग
जयपुर। एएनएम एलएचबी संघ राजस्थान के आह्वान पर शुक्रवार को प्रदेशभर में जिला, ब्लॉक, जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा उप स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपे गए। संघ ने प्रसूता मृत्यु के मामलों में एएनएम कार्मिकों को बिना पर्याप्त जांच और प्रशिक्षण के जिम्मेदार ठहराकर मानसिक दबाव बनाने तथा कार्रवाई के आदेश जारी किए जाने का विरोध किया।
संघ की ओर से जिला कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा चिकित्सा अधिकारी प्रभारी के नाम ज्ञापन देकर मांग की गई कि एएनएम कार्मिकों पर जारी अनावश्यक कार्रवाई संबंधी आदेश तत्काल प्रभाव से वापस लिए जाएं।
संघ का कहना है कि एएनएम का दायित्व गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण करना, नियमित स्वास्थ्य जांच, परामर्श देना तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें समय पर उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर करना है। जबकि प्रयोगशाला जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय निर्णय एवं संस्थागत उपचार उनके कार्यक्षेत्र में शामिल नहीं हैं। ऐसे में किसी भी प्रसूता मृत्यु के लिए केवल एएनएम को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि बिना पर्याप्त प्रशिक्षण, संसाधन और स्पष्ट दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाए। साथ ही एएनएम के कार्य एवं जिम्मेदारियों का निर्धारण विभागीय सेवा नियमों और निर्धारित कार्य विवरण (जॉब चार्ट) के अनुसार ही किया जाए।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की होगी।
खैरथल-तिजारा जिले में भी सौंपे गए ज्ञापन
संघ के अनुसार खैरथल-तिजारा जिले की सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) पर भी अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए। इस दौरान जयपुर संभाग अध्यक्ष सीमा मिश्रा, मुंडावर ब्लॉक अध्यक्ष सरिता, कोटकासिम ब्लॉक अध्यक्ष मंजीत तथा तिजारा से सविता सहित संघ के पदाधिकारी एवं एएनएम कार्मिक मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


