दर्दनाक हादसे में घर के बाहर खेल रहे मासूम ने तोड़ा दम, तीन बहनों का था इकलौता भाई
अलवर। शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम की जान चली गई। घर के बाहर खेल रहा बच्चा दूध सप्लाई करने आए एक बाइक सवार की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल मासूम को पहले ईएसआई अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान मनजीत चौहान (4) के रूप में हुई है। परिजन सनी कुमार ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से बिहार का निवासी है और पिछले लगभग 15 वर्षों से अलवर में रहकर कामधेनु कंपनी में कार्य कर रहा है। शुक्रवार सुबह परिवार के सदस्य अपने-अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान मनजीत घर के बाहर तिरपाल के पास खेल रहा था।
इसी समय दूध सप्लाई करने आया एक बाइक चालक बच्चे को नहीं देख सका और उसकी बाइक सीधे मासूम के ऊपर चढ़ गई। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने बच्चे को संभाला और परिजनों की मदद से उद्योग नगर स्थित ईएसआई अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे को बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
परिजनों ने बताया कि मनजीत तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी असमय मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। आसपास के लोगों ने भी घटना पर दुख व्यक्त करते हुए आवासीय क्षेत्रों में वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है।
सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं तथा बाइक चालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


