अलवर कार्यक्रम के तहत दो विद्यालयों में छात्र अभिनंदन, उत्कृष्ट प्रतिभाओं को पदक और प्रशस्ति-पत्र प्रदान
अलवर। भारत विकास परिषद्, अलवर शाखा द्वारा शुक्रवार को “गुरु वंदन – छात्र अभिनंदन कार्यक्रम” का आयोजन मदर्स पेट पब्लिक स्कूल एवं राजदीप एकेडमी सेकेंडरी स्कूल में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संस्कृति के अनुरूप गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना तथा शिक्षा, अनुशासन और उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना रहा।
कार्यक्रम में भारत विकास परिषद्, अलवर शाखा के अध्यक्ष गिरीश गुप्ता, सचिव अशोक कुमार गुप्ता, प्रकल्प प्रमुख उमाशंकर गुप्ता तथा जिला समन्वयक राधेश्याम सहित परिषद् के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर चयनित विद्यार्थियों को पदक एवं प्रशस्ति-पत्र तथा उत्कृष्ट शिक्षकों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
दो विद्यालयों में हुआ सम्मान समारोह
प्रकल्प प्रमुख उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत मदर्स पेट पब्लिक स्कूल से हुई, जहां 754 विद्यार्थी एवं 39 शिक्षक अध्ययन-अध्यापन से जुड़े हैं। विद्यालय की छात्राओं राशि शर्मा (कक्षा 10), ज्योत्सना कंवर (कक्षा 9), पूजा शर्मा (कक्षा 8), आहाना शर्मा (कक्षा 7) तथा पारिधि मीणा (कक्षा 6) को सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षकों में मेघा शर्मा, पूजा शुक्ला, गगनप्रीत कौर एवं रजनी शर्मा को सम्मान प्रदान किया गया।
इसके बाद राजदीप एकेडमी सेकेंडरी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों सुवरण सिंह नरूका (कक्षा 10), दुर्गेशी मिश्रा (कक्षा 10), हर्षित यादव (कक्षा 9), सौम्य शर्मा (कक्षा 9) तथा गीतिका मेहरा (कक्षा 8) को सम्मानित किया गया। वहीं अंजू नगी, मंदाकिनी शर्मा एवं सावित्री सैनी को उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
भारतीय संस्कृति और शिक्षा के महत्व पर दिया संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष गिरीश गुप्ता ने भारत विकास परिषद् की स्थापना, उद्देश्यों एवं समाज सेवा से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गुरु का सम्मान और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का अभिनंदन भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परंपरा है, जिसे समाज में निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
प्रकल्प प्रमुख उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में शिक्षा, संस्कार और अनुशासन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करते हैं तथा शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत बनाते हैं।
दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान शाखा सचिव अशोक कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और सभी से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विद्यालय परिवार ने जताया आभार
कार्यक्रम के अंत में दोनों विद्यालयों के प्रबंधन एवं शिक्षकों ने भारत विकास परिषद् का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रेरणादायी आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। राजदीप एकेडमी के संस्थापक दीपक पंडित ने परिषद् के पदाधिकारियों का माणिक माला पहनाकर स्वागत किया तथा भगवान श्रीराम का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


