दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष बनीं, गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर
किशनगढ़ बास। ग्राम बोलनी की बहू अर्चना गुप्ता के दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा के महिला संगठन की कमान संभालने वाली अर्चना गुप्ता की इस उपलब्धि को क्षेत्रवासी महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं।
अर्चना गुप्ता ग्राम बोलनी के प्रतिष्ठित गुप्ता परिवार की पुत्रवधू हैं। उनके ससुर स्वर्गीय गणेशी लाल गुप्ता लगभग तीन दशक तक गांव के सरपंच रहे। उन्होंने क्रय-विक्रय सहकारी समिति, कोऑपरेटिव सोसाइटी, सरस डेयरी सहित विभिन्न संस्थाओं में अध्यक्ष और निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन में उल्लेखनीय योगदान दिया। वैश्य समाज में भी उनकी विशिष्ट पहचान रही है। अर्चना गुप्ता उनके पुत्र एम. गुप्ता की धर्मपत्नी हैं।
प्रदेश अध्यक्ष नियुक्ति की सूचना मिलते ही ग्राम बोलनी, किशनगढ़ बास क्षेत्र तथा वैश्य समाज में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने इसे गांव और क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताते हुए अर्चना गुप्ता को बधाई दी।
किशनगढ़ बास पंचायत समिति के पूर्व उपप्रधान एवं समाजसेवी सीए श्रीकिशन गुप्ता ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि केवल गुप्ता परिवार की नहीं, बल्कि पूरे ग्राम बोलनी और क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि अर्चना गुप्ता अपने कुशल नेतृत्व, संगठनात्मक क्षमता और समर्पण के बल पर महिला सशक्तिकरण एवं जनसेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएंगी।
अर्चना गुप्ता की सफलता ग्रामीण अंचल की उन बेटियों और बहुओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस रखती हैं। गांव से निकलकर दिल्ली जैसे महानगर में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष बनना उनके संघर्ष, परिश्रम और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।
क्षेत्रवासियों का मानना है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने के कारण अर्चना गुप्ता आम महिलाओं की समस्याओं और जमीनी मुद्दों को बेहतर ढंग से समझती हैं। उनके नेतृत्व में दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


