More
    Homeदेशसरकारी इंजीनियर निकला अरबों की संपत्ति का मालिक, ACB ने दबोचा

    सरकारी इंजीनियर निकला अरबों की संपत्ति का मालिक, ACB ने दबोचा

    हैदराबाद: तेलंगाना में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (REDCO) के डिविजनल इंजीनियर मुत्यम वेंकट रमना के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ACB की टीमों ने इंजीनियर के घर, दफ्तर, रिश्तेदारों और कथित बेनामीदारों से जुड़े 8 ठिकानों पर एक साथ ताबड़तोड़ छापेमारी की। तलाशी के दौरान अधिकारी की ज्ञात आय से कई गुना अधिक की अकुत संपत्ति का पर्दाफाश हुआ है, जिसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

    करोड़ों की आलीशान इमारतें और रियल एस्टेट में भारी निवेश

    जांच के दौरान सेरिलिंगमपल्ली और कुकटपल्ली में 1.23 करोड़ रुपये की सरकारी रजिस्ट्रेशन वैल्यू वाले 4 रेजिडेंशियल फ्लैट मिले हैं। इसके अलावा कुकटपल्ली में एक G+3 कमर्शियल बिल्डिंग और गुट्टाला बेगमपेट में 2.90 करोड़ रुपये की G+5 कमर्शियल बिल्डिंग का पता चला है। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा भी हुआ कि आरोपी अधिकारी ने अपनी पत्नी के नाम से 4 कंस्ट्रक्शन फर्में बनाकर रियल एस्टेट सेक्टर में कदम रखा था और अंजनेया नगर व मूसापेट में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 10 रेजिडेंशियल अपार्टमेंट बनवा रहा था।

    100 से 150 करोड़ रुपये हो सकती है मार्केट वैल्यू

    अचल संपत्तियों के अलावा ACB ने छापेमारी में 52.02 लाख रुपये के बैंक डिपॉजिट, 4 करोड़ रुपये मूल्य के 2.09 किलोग्राम सोने के आभूषण, 45 लाख रुपये की 3 गाड़ियां, 30 लाख के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और 20 महंगी शराब की बोतलें बरामद की हैं। यद्यपि ACB ने कागजी दस्तावेजों के आधार पर इस संपत्ति का आधिकारिक मूल्य 27.65 करोड़ रुपये आंका है, लेकिन रियल एस्टेट विशेषज्ञों के अनुसार बाजार दर के हिसाब से इस पूरी संपत्ति की वास्तविक मार्केट वैल्यू 100 से 150 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है।

    2019 में भी रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया था आरोपी

    जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी इंजीनियर रमना का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले 12 दिसंबर 2019 को भी उसे साइबर सिटी सर्कल में पदस्थ रहते हुए 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त भी उसके ठिकाने से 26.52 लाख रुपये नकद और 22.60 लाख का सोना मिला था। ACB अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को विशेष अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा और उसके अन्य बेनामी वित्तीय लेनदेन की गहराई से जांच जारी रहेगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here