More
    Homeराजस्थानअलवरस्वामी सानंद जयंती पर तरुण आश्रम में बना 'सानंद तुलसी बाग', पर्यावरण...

    स्वामी सानंद जयंती पर तरुण आश्रम में बना ‘सानंद तुलसी बाग’, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

    प्रकृति संरक्षण के संदेश के साथ ‘सानंद’ तुलसी बाग का लोकार्पण, कार्यकर्ताओं ने किया सामूहिक पौधारोपण

    अलवर। स्वामी सानंद (प्रो. जी. डी. अग्रवाल) की जयंती पर तरुण भारत संघ द्वारा भीकमपुरा स्थित तरुण आश्रम में ‘सानंद तुलसी बाग’ की स्थापना की गई। कार्यक्रम में स्वामी सानंद के सत्य, अहिंसा, तपस्या, गंगा संरक्षण और पर्यावरण के प्रति समर्पित जीवन को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए तुलसी के पौधे रोपे गए। संघ के कार्यकर्ताओं ने इसे प्रकृति संरक्षण और जनजागरण का स्थायी प्रतीक बताया।

    जल पुरुष राजेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में आश्रम परिसर में विकसित इस उद्यान में सामूहिक पौधारोपण किया गया। संगठन ने बताया कि प्रत्येक वर्ष स्वामी सानंद की जयंती पर किसी रचनात्मक कार्य के माध्यम से उनके जीवन-दर्शन को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाता है। इस वर्ष ‘सानंद तुलसी बाग’ उसी संकल्प का प्रतीक है।

    गंगा और पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित रहा जीवन

    कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि प्रो. जी. डी. अग्रवाल ने सिविल अभियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के साथ-साथ भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर में अध्यापन किया तथा केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के स्थापना सचिव के रूप में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने वैज्ञानिक मानकों के माध्यम से प्रदूषण नियंत्रण की मजबूत आधारशिला रखी।

    अनशन से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

    वक्ताओं ने कहा कि स्वामी सानंद ने अपने जीवन का अंतिम चरण गंगा की अविरलता और निर्मलता के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने गंगा संरक्षण की मांग को लेकर लंबा अनशन किया और 11 अक्टूबर 2018 को उनका निधन हो गया। उनका त्याग और संघर्ष आज भी पर्यावरण संरक्षण के लिए कार्य करने वालों के लिए प्रेरणा बना हुआ है।

    लोकतांत्रिक मूल्यों और जनभागीदारी पर भी दिया गया जोर

    कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वामी सानंद का जीवन केवल पर्यावरण संरक्षण तक सीमित नहीं था, बल्कि सत्य, अहिंसा, लोकतांत्रिक मूल्यों और शांतिपूर्ण जनसंघर्ष का भी प्रतीक था। इसी संदर्भ में हाल में लोकतांत्रिक अधिकारों के समर्थन में आयोजित शांतिपूर्ण जनसत्याग्रह का उल्लेख करते हुए युवाओं की जागरूक भागीदारी की सराहना की गई।

    तरुण भारत संघ ने संकल्प व्यक्त किया कि ‘सानंद तुलसी बाग’ आने वाली पीढ़ियों को प्रकृति संरक्षण, गंगा संवर्धन, सत्य, त्याग और जनचेतना का संदेश देता रहेगा तथा समाज को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करेगा।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here