खैरथल में आयोजित बैठक में कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और नशा तस्करी पर हुई विस्तृत चर्चा
सोडावास। खैरथल-तिजारा पुलिस द्वारा आमजन और पुलिस के बीच विश्वास, संवाद एवं सहभागिता को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को खैरथल पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित सामुदायिक संपर्क समूह (सीएलजी) की बैठक में एडिशनल एसपी जया सिंह ने सीएलजी सदस्यों से सीधा संवाद कर कानून-व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
बैठक को संबोधित करते हुए एडिशनल एसपी जया सिंह ने कहा कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज का निर्माण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जागरूक नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने सीएलजी सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस और समाज के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने, सामाजिक सौहार्द बढ़ाने और अपराधों की रोकथाम में सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, स्थानीय समस्याओं, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा तस्करी, अवैध हथियारों की रोकथाम, यातायात व्यवस्था तथा सोशल मीडिया के जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर चर्चा की गई। सीएलजी सदस्यों ने अपने सुझाव भी रखे, जिन्हें एडिशनल एसपी ने गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
एडिशनल एसपी ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, साइबर ठगी, महिला उत्पीड़न, अवैध हथियारों का उपयोग अथवा अन्य किसी आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। उन्होंने कहा कि समय पर प्राप्त सूचना कई बार गंभीर अपराधों को होने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने नागरिकों से पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने और समाज में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


