More
    Homeराजस्थानअलवरसेवा शिविरों से मिलेगा समाधान, योजनाओं का लाभ पहुंचेगा हर द्वार

    सेवा शिविरों से मिलेगा समाधान, योजनाओं का लाभ पहुंचेगा हर द्वार

    29 जुलाई को जिले की ग्राम पंचायतों और नगरीय वार्डों में फॉलोअप सेवा शिविर, एक ही छत के नीचे होगा जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण

    अलवर। राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में फॉलोअप सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। सेवा शिविर अभियान के तहत 31 अगस्त तक विभिन्न ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों के वार्डों में फॉलोअप शिविर आयोजित किए जाएंगे।

    इसी क्रम में बुधवार, 29 जुलाई को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों के वार्डों में फॉलोअप सेवा शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं पात्रतानुसार लाभ उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि फॉलोअप सेवा शिविरों का उद्देश्य पूर्व में आयोजित सेवा शिविरों में प्राप्त आवेदनों, शिकायतों एवं समस्याओं की प्रगति की समीक्षा करना तथा शेष प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जिससे आमजन को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

    इन वार्डों में लगेंगे शहरी फॉलोअप सेवा शिविर

    जिला कलक्टर ने बताया कि 29 जुलाई को अलवर नगर निगम के वार्ड संख्या 13 एवं 14 के लिए फॉलोअप सेवा शिविर आयोजित किया जाएगा।

    इसके अतिरिक्त नगर पालिका बड़ौदामेव के वार्ड संख्या 1 से 25, नगर पालिका खेरली के वार्ड संख्या 1 से 25, नगर पालिका बहादुरपुर के वार्ड संख्या 6, नगर पालिका रामगढ़ के वार्ड संख्या 11, नगर पालिका नौगांव के वार्ड संख्या 6, नगर पालिका कठूमर के वार्ड संख्या 1 से 20, नगर पालिका थानागाजी के वार्ड संख्या 7, नगर पालिका मालाखेड़ा के वार्ड संख्या 6, नगर पालिका गोविंदगढ़ के वार्ड संख्या 6 तथा नगर पालिका राजगढ़ के वार्ड संख्या 6 के लिए भी फॉलोअप सेवा शिविर लगाए जाएंगे।

    उक्त शिविर संबंधित नगरीय निकायों के कार्यालय परिसरों में आयोजित होंगे। वहीं नगर विकास न्यास (यूआईटी) अलवर के समस्त निकाय क्षेत्र के लिए यूआईटी के नीलामी हॉल में फॉलोअप सेवा शिविर लगाया जाएगा।

    इन ग्राम पंचायतों में होंगे ग्रामीण फॉलोअप शिविर

    ग्रामीण क्षेत्रों में भी 29 जुलाई को विभिन्न ग्राम पंचायतों में फॉलोअप सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। अलवर तहसील की ग्राम पंचायत बेलाका एवं बख्तपुरा, लक्ष्मणगढ़ तहसील की ग्राम पंचायत जावली एवं खुड़ियाना, मालाखेड़ा तहसील की ग्राम पंचायत परसाकाबास, थानागाजी तहसील की ग्राम पंचायत अंगारी, टहला तहसील की ग्राम पंचायत घेवर एवं नाडू तथा रैणी तहसील की ग्राम पंचायत डेरा में शिविर लगाए जाएंगे।

    इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग किया जाएगा। साथ ही पेयजल, बिजली, सड़क, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन तथा अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों के समाधान के लिए मौके पर ही कार्रवाई की जाएगी।

    आमजन को एक ही स्थान पर मिलेंगी कई सुविधाएं

    फॉलोअप सेवा शिविरों का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को आमजन के अधिक निकट पहुंचाना और नागरिकों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। शिविरों में विभागीय अधिकारी मौजूद रहेंगे, जिससे लोगों की शिकायतों और आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई की जा सके।

    जिला प्रशासन ने संबंधित क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित फॉलोअप सेवा शिविर में पहुंचकर राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा अपनी समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों के समाधान के लिए शिविर का लाभ उठाएं।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here