खेड़ली के फॉलोअप सेवा शिविर में वार्षिक सत्यापन के बाद मौके पर समाधान, लाभार्थी ने जताया आभार
अलवर। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में जिले के नगरीय निकायों में आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा फॉलोअप शिविर-2026 आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायक साबित हो रहे हैं। इसी क्रम में नगर पालिका खेड़ली में आयोजित सेवा फॉलोअप शिविर में एक लाभार्थी की समस्या का मौके पर ही समाधान कर राहत प्रदान की गई।
खेड़ली की स्थानीय निवासी श्रीमती रामप्यारी की वार्षिक सत्यापन के अभाव में बंद हुई विधवा पेंशन को शिविर में आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर तत्काल पुनः प्रारंभ कराया गया। पेंशन दोबारा शुरू होने से लाभार्थी को बड़ी राहत मिली।
शिविर में दर्ज कराई परिवेदना, अधिकारियों ने की त्वरित कार्रवाई
लाभार्थी श्रीमती रामप्यारी ने बताया कि उनकी विधवा पेंशन बंद हो गई थी। पेंशन को पुनः सक्रिय कराने के लिए उन्होंने नगर पालिका खेड़ली में आयोजित शहरी सेवा फॉलोअप शिविर में अपनी परिवेदना प्रस्तुत की।
परिवेदना प्राप्त होने पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान वार्षिक सत्यापन नहीं होने के कारण विधवा पेंशन बंद होने की जानकारी सामने आई। इसके बाद अधिकारियों ने शिविर में ही आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर वार्षिक सत्यापन कराया और विधवा पेंशन को पुनः प्रारंभ कर दिया।
मौके पर समाधान से लाभार्थी को मिली सुविधा
शिविर में बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के समस्या का समाधान होने पर श्रीमती रामप्यारी ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिविर में सुगमता से और मौके पर ही उनका कार्य पूरा हो गया, जिससे उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।
लाभार्थी ने राज्य सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे सेवा शिविरों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के साथ ही पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उपयोगी साबित हो रहे हैं। उन्होंने विधवा पेंशन पुनः प्रारंभ होने पर मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


