More
    Homeराजस्थानबहरोडमहिला सुरक्षा के संकल्प को लेकर कोटपूतली में निकली जागरूकता रैली

    महिला सुरक्षा के संकल्प को लेकर कोटपूतली में निकली जागरूकता रैली

    पुलिस और छात्राओं ने महिला सुरक्षा का दिया संदेश, हेल्पलाइन व राजकॉप सिटीजन ऐप की दी जानकारी

    कोटपूतली। राजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत कोटपूतली-बहरोड़ जिले में महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा पुलिस सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशाल पैदल मार्च एवं जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

    जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक लक्ष्मी सुथार के नेतृत्व में रैली रिजर्व पुलिस लाइन से जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक निकाली गई। रैली में पुलिस अधिकारियों, महिला पुलिसकर्मियों और कॉलेज की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

    महिला सुरक्षा के लिए पुलिस और छात्राओं ने किया पैदल मार्च

    जागरूकता रैली में एएचटीयू प्रभारी अनिता, महिला थाना प्रभारी रजनी, एंटी रोमियो टीम, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला पुलिसकर्मियों और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही। रैली के माध्यम से आमजन को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया गया।

    पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, उत्पीड़न या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

    हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

    अभियान के दौरान महिलाओं और छात्राओं को आपातकालीन सहायता और सुरक्षा सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने 112, 1090, 1098 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।

    महिलाओं और बालिकाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति, उत्पीड़न, साइबर अपराध अथवा संदिग्ध घटना की स्थिति में इन हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकती है।

    राजकॉप सिटीजन ऐप से जोड़ा

    रैली के दौरान महिला पुलिसकर्मियों और छात्राओं को राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाया गया तथा ऐप की विभिन्न सुरक्षा और नागरिक सेवाओं की जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से नागरिक कई पुलिस सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।

    अभियान के तहत साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा के संबंध में भी जागरूक किया गया।

    सामाजिक बुराइयों के खिलाफ किया जागरूक

    पुलिस टीम ने आमजन के बीच जागरूकता पंपलेट वितरित किए। इसके माध्यम से बाल विवाह, दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ सजग रहने का संदेश दिया गया।

    कार्यस्थल, सार्वजनिक स्थानों और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न से बचाव तथा कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी भी दी गई।

    जिला पुलिस ने आमजन से महिला सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने में सक्रिय सहयोग की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत जिले में आगे भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here