परशुराम जयंती पर मातोर रोड स्थित भवन में पूजा–हवन संग भव्य भंडारा
खैरथल। मातोर रोड स्थित परशुराम भवन में 19 अप्रैल, रविवार को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 8:15 बजे विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक हवन के साथ होगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी भंडारे का आयोजन रखा गया है।
ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष राम सिंह शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन भगवान परशुराम की पूजा-अर्चना एवं समाज की एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्यक्रम को विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
युवा अध्यक्ष आकाश त्रिवेदी ने बताया कि भगवान परशुराम, भगवान विष्णु के छठे अवतार हैं और अक्षय तृतीया के दिन उनकी जयंती मनाई जाती है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर पूजा, हवन एवं भंडारे में शामिल हों और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करें।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजन में अध्यक्ष राम सिंह शर्मा, प्रेम कौशिक, युवा अध्यक्ष आकाश त्रिवेदी, विष्णुदत्त शर्मा, अंकित लाटा, गणेश शर्मा, वेद कौशिक सहित समाज के कई गणमान्य लोग सहयोग कर रहे हैं।
इस आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

