अजमेर जेल हत्याकांड पर सरकार से गंभीर सवाल, जेल सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर जूली का निशाना
अलवर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने अजमेर केंद्रीय जेल में हुई हत्या की घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री अपनी कुर्सी बचाने में व्यस्त हैं और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है।
जूली ने कहा कि मुख्यमंत्री के पास स्वयं जेल विभाग का प्रभार है। ऐसे में प्रदेश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली अजमेर केंद्रीय जेल के भीतर हत्या की घटना होना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इस जेल में प्रदेश के कई कुख्यात अपराधियों को रखा जाता है, इसलिए इस प्रकार की घटना बेहद गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। जेलों से धमकियां दिए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं सरकारी अधिकारियों तक को धमकियां मिल रही हैं। इसके बावजूद सरकार प्रभावी कार्रवाई करती दिखाई नहीं दे रही।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश की जनता कानून व्यवस्था को लेकर असुरक्षित महसूस कर रही है। सरकार को राजनीतिक गतिविधियों और प्रचार से ऊपर उठकर अपराध नियंत्रण, जेल सुरक्षा और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर प्राथमिकता से ध्यान देना चाहिए।
जूली ने कहा कि यदि प्रदेश की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली जेल में भी इस तरह की घटनाएं हो रही हैं तो यह पूरे सुरक्षा तंत्र के लिए गंभीर चेतावनी है। उन्होंने सरकार से जेल सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


