More
    Homeराजस्थानअलवरअनारक्षित सीटों पर सामान्य वर्ग के योग्य चेहरों को टिकट देने की...

    अनारक्षित सीटों पर सामान्य वर्ग के योग्य चेहरों को टिकट देने की मांग, सर्व समाज ने भरी हुंकार

    सामान्य वर्ग के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर बैठक, दलों से योग्य प्रत्याशियों को टिकट देने का आह्वान

    अलवर। आगामी नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पालिका चुनावों में अनारक्षित यानी सामान्य सीटों पर सामान्य वर्ग के योग्य पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों को राजनीतिक दलों से टिकट देने की मांग को लेकर सर्व समाज सामान्य वर्ग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। अलवर के विवेकानंद चौक स्थित पुरुषार्थी धर्मशाला में आयोजित बैठक की अध्यक्षता ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष विशंभर दयाल वशिष्ठ ने की।

    बैठक में मौजूद विभिन्न समाजों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने राजनीतिक दलों से अनारक्षित सीटों की मूल भावना का सम्मान करने और योग्य एवं सर्वमान्य प्रत्याशियों को अवसर देने की मांग की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जो भी राष्ट्रीय या क्षेत्रीय राजनीतिक दल, जिसमें भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य दल शामिल हैं, अनारक्षित सामान्य सीटों पर सामान्य वर्ग के योग्य एवं जनस्वीकृत प्रत्याशियों को टिकट देगा, उसे सामान्य वर्ग की ओर से लोकतांत्रिक एवं पुरजोर समर्थन दिया जाएगा।

    वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि अनारक्षित सीटों पर सामान्य वर्ग के हितों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व की उपेक्षा स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही बैठक में शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से अपने अधिकारों की बात रखने तथा लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।

    सामाजिक समरसता और समान अवसर पर जोर

    बैठक में विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने कहा कि सामान्य वर्ग हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और सर्व समाज को साथ लेकर चलने की भावना में विश्वास रखता आया है। ऐसे में राजनीतिक दलों से अपेक्षा है कि टिकट वितरण में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाए और योग्य, कर्मठ एवं जनस्वीकृत चेहरों को चुनाव मैदान में उतारा जाए।

    राजपूत समाज के पदाधिकारी सूरजभान गौड़ ने कहा कि सामान्य वर्ग आरक्षित वर्ग के प्रत्याशियों को लोकतांत्रिक भावना के अनुरूप निष्पक्ष सहयोग एवं समर्थन देता आया है। इसी भावना के अनुरूप अनारक्षित सामान्य सीटों पर सामान्य वर्ग के योग्य अभ्यर्थियों के प्रतिनिधित्व का सम्मान किया जाना चाहिए।

    अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष अतुल गुप्ता एवं महामंत्री विजय अग्रवाल ने कहा कि सामान्य वर्ग सर्व समाज को साथ लेकर चलने की परंपरा में विश्वास करता है। राजनीतिक दलों को भी टिकट वितरण में सामाजिक समरसता और समान अवसर की भावना को प्राथमिकता देनी चाहिए।

    38 सामान्य सीटों पर योग्य प्रत्याशियों को उतारने की मांग

    व्यापार महासंघ के जिला अध्यक्ष रमेश जुनेजा ने कहा कि निगम की 38 सामान्य सीटों पर सामान्य वर्ग के योग्य प्रतिनिधियों को निर्वाचित कराने के लिए हरसंभव लोकतांत्रिक प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन सीटों पर समाज के योग्य और कर्मठ लोगों को आगे लाना समय की आवश्यकता है।

    परमार्थी डॉ. अमित छाबड़ा ने कहा कि संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मर्यादा का पालन करते हुए सामान्य वर्ग के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी वर्गों से आपसी सम्मान, सामाजिक सद्भाव और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक मार्ग अपनाने का आह्वान किया।

    इस अवसर पर अशोक आहूजा, राजेंद्र आहूजा, कायस्थ सभा अध्यक्ष अविनाश माथुर, रामानुज शर्मा, कृष्ण अवतार राजावत सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

    बैठक में कृष्ण कुमार मदान, पंडित नाथूराम शास्त्री, दीपक सिंह तंवर, मनोज सिंह शेखावत, सुबे सिंह राघव, रामरूप सिंह चौहान, रोहिताश सिंह नरूका, वीरेंद्र सिंह राजावत, आकाश मिश्रा, जागृत दुआ, तिलक राज चावला, बलदेव राज नारंग, विकास शर्मा, राजेंद्र सिंह नरूका, प्रभु दयाल शर्मा, देवेंद्र कुमार शर्मा, प्रवीण चंद्र शर्मा, चरणजीत सुरेजा, महेश शर्मा, पंकज शर्मा, होतीलाल शर्मा, सौरभ कलरा, अश्विनी जवाली और मनीष शर्मा सहित सर्व समाज सामान्य वर्ग के बड़ी संख्या में प्रतिनिधि मौजूद रहे।

    बैठक के अंत में उपस्थित प्रतिनिधियों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि सामान्य वर्ग के लोकतांत्रिक अधिकारों, सम्मान एवं उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए संगठित, शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से निरंतर प्रयास किया जाएगा।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here