पटाखों से आग लगने की आशंका, महापौर सुमन लता और एडीएम सिटी ने घटनास्थल का लिया जायजा
अलवर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित तिलक मार्केट में शुक्रवार को युवराज गारमेंट्स की दुकान में अचानक आग लगने से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। आग बुझाने के लिए दमकल की तीन से चार गाड़ियां लगाई गईं।
दुकान के ऊपर रखे पटाखों से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुकान के ऊपर रखे बम (पटाखों) के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बाजार में कपड़ों की दुकान में आग लगने की सूचना फैलते ही आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में हलचल मच गई।
महापौर और एडीएम सिटी पहुंचे मौके पर
घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर निगम की महापौर सुमन लता और एडीएम सिटी अंबालाल मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर स्थिति की जानकारी ली। वहीं, दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास करते रहे।
नुकसान का आकलन होना बाकी
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन नहीं हो पाया है। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी भी सामने नहीं आई है। आग पर पूरी तरह काबू पाने और संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही आग लगने के कारणों तथा नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

