स्काउट एवं गाइड का सेवा कार्यों और सदस्यता विस्तार पर फैलोशिप का जोर, रथ यात्रा में प्याऊ लगाने सहित कई प्रस्ताव पारित
अलवर। जिला स्काउट एवं गाइड फैलोशिप की साधारण सभा का आयोजन बुधवार को कम्पनी बाग स्थित फैलोशिप कार्यालय में किया गया। बैठक में संगठन की गतिविधियों, सेवा कार्यों के विस्तार तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
सभा की शुरुआत ईश प्रार्थना “दया कर दान भक्ति का हमें परमात्मा देना” के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर उन्हें सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
फैलोशिप के अध्यक्ष गिरीश गुप्ता ने कहा कि आपसी मेल-मिलाप, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करते हुए सदस्यता में वृद्धि करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता से सामाजिक सेवा के कार्यों को नई गति मिलेगी और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान होगा।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी जगन्नाथ रथ यात्रा के अवसर पर कम्पनी बाग के सामने स्थित बाल विहार विद्यालय के बाहर आमजन की सुविधा के लिए शीतल जल की प्याऊ लगाई जाएगी। इसके अलावा 18 से 20 सितम्बर 2026 तक केरल में आयोजित होने वाली 20वीं राष्ट्रीय परिषद की बैठक में अधिकाधिक सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने का भी निर्णय लिया गया।
इसके साथ ही आगामी 2 अगस्त, रविवार को वन भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। इसके लिए थानागाजी क्षेत्र स्थित उदैयनाथ जी की बगीची अथवा भर्तृहरि धाम को संभावित स्थल के रूप में प्रस्तावित किया गया।
बैठक में मुख्य संरक्षक हरीश कालरा, अध्यक्ष गिरीश गुप्ता, आशा कालरा, उपाध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता, उपाध्यक्ष बी.आर. निमेश, पूर्व अध्यक्ष राजेश भट्ट, कोषाध्यक्ष राजेश शर्मा, पूर्व सचिव रामप्रकाश गुप्ता, प्रमिला गुप्ता, समन्वयक शम्भू दयाल शर्मा, राजेन्द्र अरोड़ा, ओमप्रकाश गुप्ता, मंजू शर्मा, इन्द्रजीत कौर सहित अनेक सदस्यों ने भाग लिया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


