जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश बोले- अपराधियों पर लगातार कार्रवाई, जीएसटी कमिश्नर केस का जल्द होगा खुलासा
अलवर। जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राहुल प्रकाश शनिवार को अलवर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अलवर सहित पूरे जयपुर रेंज में अपराध दर में कमी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि अपराधी घटनाओं को अंजाम देने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन राजस्थान पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर रही है।
आईजी राहुल प्रकाश ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण के लिए विभिन्न स्तरों पर नई योजनाएं तैयार की गई हैं, जिनका प्रभाव अब दिखाई देने लगा है।
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से हाईवे पर ड्रिंक एंड ड्राइव के मामलों में चालान की दो अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। अब उल्लंघन की गंभीरता के अनुसार वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
आईजी ने कहा कि पूरे प्रदेश में स्लीपर बसों की जांच को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। वहीं रात 8 बजे के बाद शराब बिक्री को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि पुलिस को जो दिशा-निर्देश प्राप्त हैं, उनके अनुरूप आने वाले दिनों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जीएसटी कमिश्नर के घर हुई वारदात पर दिया बड़ा बयान
अलवर में हाल ही में जीएसटी कमिश्नर के घर हुई वारदात को लेकर आईजी राहुल प्रकाश ने कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वारदात का जल्द खुलासा किया जाएगा और आरोपी शीघ्र गिरफ्तार होंगे।
आईजी ने कहा कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर लगातार कार्रवाई कर रही है तथा अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


