कोतवाली क्षेत्र में बस स्टैंड पर संदिग्ध घटना, युवक के घायल मिलने के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
अलवर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड पर मंगलवार को एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घायल अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। युवक के गले पर धारदार हथियार जैसे घाव के निशान मिलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस ने घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान असरद के रूप में हुई है, जो मुगसका का निवासी बताया जा रहा है। उसके गले पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक स्वयं घायल हुआ है या उस पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने हमला किया है। पुलिस दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश चंद्र ने बताया कि बस स्टैंड पर युवक के घायल होने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल युवक का उपचार जारी है।
उन्होंने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। युवक के बयान, चिकित्सकीय रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हमला है, दुर्घटना है या किसी अन्य कारण से युवक घायल हुआ है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


