आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने नियमितीकरण, मानदेय वृद्धि और सेवानिवृत्ति सहायता की मांग उठाई
अलवर। जिले में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन लगातार जारी है। अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर गुरुवार को बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मोती डूंगरी से मिनी सचिवालय तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
जिला अध्यक्ष लतेश शर्मा ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता 1 जुलाई से आंदोलनरत हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने मांग की कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नियमित कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। यदि यह संभव नहीं हो तो उनका मासिक मानदेय बढ़ाकर 25 हजार रुपये किया जाए।
ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि सेवानिवृत्ति के समय प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को 10 लाख रुपये की सम्मानजनक आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे वर्षों से महिलाओं और बच्चों से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं का जिम्मेदारीपूर्वक संचालन कर रही हैं, इसके बावजूद उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल पा रहा है।
प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि इसे मुख्यमंत्री तक भेजा जाएगा तथा सरकार से प्राप्त निर्देशों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

