कई महीनों से बिना भुगतान सामान लेने का दावा, करीब डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का आरोप
अलवर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के केडलगंज इलाके में एक दुकानदार ने युवक पर ऑनलाइन पेमेंट का झांसा देकर लगातार सामान ले जाने और भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। दुकानदार के अनुसार युवक पिछले करीब तीन से चार महीनों से उसकी दुकान से आटा ले रहा था और हर बार ऑनलाइन भुगतान करने की बात कहकर चला जाता था, लेकिन राशि उसके खाते में जमा नहीं होती थी।
दुकानदार महेंद्र ने बताया कि युवक लगातार दुकान पर आटा लेने आता था। सामान लेने के बाद वह ऑनलाइन पेमेंट करने का भरोसा दिलाता था, लेकिन लंबे समय तक भुगतान खाते में नहीं पहुंचने पर उसे युवक की गतिविधियों पर संदेह हुआ।
दोबारा दुकान पर पहुंचा तो पकड़ा गया युवक
रविवार को युवक एक बार फिर दुकान पर पहुंचा तो दुकानदार ने उसे पकड़ लिया। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। दुकानदार का आरोप है कि युवक ऑनलाइन भुगतान करने का दिखावा कर सामान लेकर जाता था, जबकि वास्तविक राशि उसके बैंक खाते में नहीं पहुंचती थी।
करीब डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का दावा
दुकानदार महेंद्र ने इस पूरे घटनाक्रम में करीब डेढ़ लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। हालांकि वास्तविक राशि और कथित तरीके की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस युवक से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि कथित तौर पर ऑनलाइन पेमेंट दिखाने के लिए किस तरीके का इस्तेमाल किया गया और दुकानदार को वास्तविक रूप से कितना आर्थिक नुकसान हुआ है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


