बिजली सुधार के साथ अलवर में कुसुम योजना से कटौती में कमी, 12 नए प्लांट जल्द शुरू
अलवर। प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाअभियान (पीएम-कुसुम योजना) के तहत जिले में सौर ऊर्जा उत्पादन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्तमान में अलवर जिले में 13 सोलर प्लांट संचालित हो रहे हैं, जिनसे प्रतिदिन करीब 26 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है।
इन सोलर प्लांट्स के संचालन से पावर ट्रांसमिशन नेटवर्क पर लगभग 26 मेगावाट का लोड कम हुआ है। जहां प्लांट स्थापित किए गए हैं, वहां संबंधित पावर हाउस पर करीब 40 प्रतिशत तक लोड में कमी दर्ज की गई है। इसके चलते जिले में बिजली कटौती में कमी आई है और किसानों को सिंचाई के लिए दिन में भी निर्बाध बिजली मिल रही है।
आगामी दो माह में करीब 25 मेगावाट क्षमता के 12 नए सोलर प्लांट शुरू होने की संभावना है। इससे जिले की विद्युत व्यवस्था और मजबूत होगी तथा अधिक उपभोक्ताओं, विशेषकर किसानों को लाभ मिलेगा।
योजना के तहत किसान अपनी जमीन पर सोलर प्लांट स्थापित कर सकते हैं, जिनकी क्षमता लगभग 2 मेगावाट तक होती है। उत्पादित बिजली को नजदीकी डिस्कॉम के 33/11 केवी पावर हाउस को सप्लाई किया जाता है, जिसके बदले किसानों को प्रतिमाह भुगतान किया जाता है।
योजना के तहत टहला, रैणी, बगड़मेव, खेरली, लक्ष्मणगढ़, प्रतापगढ़, चिकानी और मालाखेड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों के जीएसएस पर सोलर प्लांट स्थापित किए गए हैं। इससे स्थानीय स्तर पर बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत हुई है।
यह योजना न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक है, बल्कि कृषि क्षेत्र को डीजल मुक्त करने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


