गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था का लिया जायजा
अलवर। जिले में रसोई गैस की कथित कमी की शिकायतों के बीच जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला ने सोमवार को शहर की अलकापुरी गैस एजेंसी तथा भारत गैस एजेंसी का निरीक्षण कर गैस वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को मिल रही सेवाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एजेंसियों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं से भी बातचीत की और गैस आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली।जिला कलक्टर ने मौजूद उपभोक्ताओं से संवाद कर कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति उपभोक्ताओं को निरन्तर सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक है। गैस सिलेंडरों की सप्लाई व्यवस्था में कोई इश्यू नहीं है, अतः उपभोक्ता घबराए नहीं तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देवे।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि अलवर जिले में रसोई गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है तथा आमजन को नियमित रूप से बुकिंग के अनुसार समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है, ताकि किसी भी उपभोक्ता को असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि गैस की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान एडीएम शहर श्रीमती बीना महावर, जिला रसद अधिकारी विनोद जुनेजा, प्रवर्तन अधिकारी बनवारी लाल शर्मा मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


