रैली में गौ संरक्षण की मांग, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की उठी आवाज
अलवर। शहर में गायों के सम्मान और संरक्षण को लेकर सोमवार को सर्व समाज के लोगों ने एकजुट होकर जोरदार रैली निकाली। भवानी तोप से शुरू हुई यह रैली मिनी सचिवालय तक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाया।
रैली में विभिन्न सामाजिक संगठनों, गौभक्तों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर गौ संरक्षण के समर्थन में नारे लगाए और प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की।
कार्यक्रम के संयोजक अजय अग्रवाल ने बताया कि वर्तमान समय में गायों के साथ हो रहे अपमान और उपेक्षा को लेकर समाज में गहरा आक्रोश है। उन्होंने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति और आस्था का प्रतीक है, लेकिन लगातार उनके साथ दुर्व्यवहार और अनदेखी की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसे अब सहन नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि गायों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए, उनके लिए पर्याप्त आश्रय स्थल बनाए जाएं और जो लोग गायों के साथ दुर्व्यवहार करते हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मिनी सचिवालय पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें सभी मांगों का विस्तृत उल्लेख किया गया। इस दौरान अजय अग्रवाल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
रैली शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई, लेकिन इसके माध्यम से प्रशासन को स्पष्ट संदेश दिया गया कि गौ संरक्षण के मुद्दे पर अब समाज चुप नहीं बैठेगा और आवश्यक होने पर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


