15 दिवसीय अभियान में गांव-गांव पहुंचेगी जानकारी, जनभागीदारी पर जोर
अलवर। जिले में ‘ग्राम रथ अभियान’ का शुभारंभ करते हुए जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला एवं जनप्रतिनिधियों ने मिनी सचिवालय से 5 विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट-2026 (ग्राम-2026) के तहत शुरू किया गया है।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय भपंग वादन कलाकार युसूफ खान के दल ने लोक कला के माध्यम से सरकारी योजनाओं पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिसने कार्यक्रम को खास बना दिया।
जिला कलक्टर ने बताया कि इस 15 दिवसीय अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की कृषि, पशुपालन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाना है। साथ ही, आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
अभियान के तहत अलवर ग्रामीण, रामगढ़, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, कठूमर और थानागाजी विधानसभा क्षेत्रों की सभी ग्राम पंचायतों में रथ पहुंचेंगे। इन रथों के माध्यम से 13 विभागों—कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास—की योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
रथों में एलईडी स्क्रीन के जरिए ऑडियो-वीडियो प्रस्तुतियां दिखाई जाएंगी तथा ग्रामीणों से सुझाव लेने के लिए सुझाव पेटिका की भी व्यवस्था की गई है, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में सुधार किया जा सके।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम श्रीमती बीना महावर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रविंद्र, जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता, संजय नरूका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


